|
भोपाल. भारतीय शिशु अकादमी व नवजात शिशु फोरम मप्र शाखा के तत्वावधान में शिशु रोगों से संबंधित जानकारियों पर आधारित दो दिवसीय सम्मेलन ‘मंथन-2008’ शनिवार व रविवार को होटल जहांनुमा पैलेस में आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तरीय इस सम्मेलन में करीब 400 शिशु रोग विशेषज्ञ भाग लेंगे।
आयोजन की अध्यक्ष डॉ. रश्मि द्विवेदी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। डॉ. द्विवेदी ने बताया कि भारतीय शिशु अकादमी के देशभर में 18,000 से ज्यादा सदस्य हैं। अकादमी स्वास्थ्य शिक्षा पर आधारित कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में स्वास्थ्य विभाग व महिला बाल विकास विभाग को भी बुलाया गया है। इसमें शिशु रोग विशेषज्ञ शिशु मृत्यु दर पर विशेष व्याख्यान देंगे, क्योंकि मप्र में यह दर अन्य प्रदेशों से अधिक है। इसके अलावा क्षयरोग, ज्वर, मलेरिया, कुपोषण, एड्स, अस्थमा, खून की कमी, किशोर स्वास्थ्य व रोग प्रतिरोधक क्षमता की कमी के बारे में भी चर्चा होगी। इस मौके पर आयोजन के सचिव डॉ. यूके दुबे और डॉ. चंद्रहास शर्मा भी उपस्थित थे।