|
भोपाल. न्यू मार्केट में अन्य दिनों की तरह गुरुवार की शाम भी लोगों की खासी भीड़ थी। इसी दौरान रंगमहल टाकीज के सामने एक दुकान के बाहर लावारिस पड़े बैग में बम की अफवाह के चलते अफरा-तफरी मच गई। बम की आशंका के चलते तुरंत ही इलाके की घेराबंदी कर बम डिस्पोजल स्क्वाड, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को मौके पर बुला लिया गया। बैग में कपड़े निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। सूचना मिलने से लेकर राहत की सांस लेने तक अफवाह का यह घटनाक्रम करीब एक घंटा चला।
मुंबई में हुए आतंकी हमले के बाद से राजधानी पुलिस सूचनाओं पर तुरंत सक्रिय हो रही है। गुरुवार की शाम करीब छह बजे एक व्यापारी ने रंगमहल टाकीज के सामने स्थित बाटा कंपनी के शो-रूम के पास एक लावारिस बैग पड़े होने की सूचना कंट्रोल रूम को दी थी। बैग में बम की आशंका के चलते टीटी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। तुरंत फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और एंबुलेंस को भी बुलाया गया। रोशनपुरा से रंगमहल की ओर आने वाले ट्रैफिक को परिवर्तित कर दिया।
मौके पर पहुंचे बम डिस्पोजल स्क्वाड ने बैग का निरीक्षण किया। बैग में किसी प्रकार का विस्फोटक नहीं होने की पुष्टि होने पर उसे खोला गया। जिसमें एक पेंट, एक शर्ट, एक स्वेटर और खाली फाइल निकली। बैग से कपड़े निकलते देख वहां मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली। जिस समय न्यू मार्केट में लावारिस बैग मिला उस वहां बाजार में खरीदी कनरे वालों की काफी भीड़ इकट्ठा हो चुकी थी। उनमें अफरा-तफरी का माहौल था।
एक दुकान को कराया था बंद: जिस दुकान के सामने बैग रखा था उसे पुलिस ने बंद करा दिया था। आसपास की दुकानें खुली थीं, लेकिन उनमें कोई हलचल नहीं थी। दुकान के अंदर लोग सांस रोककर नजारा देख रहे थे। पुलिस भीड़ को सावधान और दूर रहने की सलाह दे रही थी। इस बीच न्यू मार्केट में लावारिस बैग मिलने की खबर फैल चुकी थी। सीएसपी गोपाल खांडेल और थाना प्रभारी, टीटी नगर उमेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे।
हमीदिया रोड पर थी बम की सूचना: हमीदिया रोड के मंदिर के पास सुबह लावारिस बैग रखे होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वाड ने बैग को तलाशा, लेकिन पता नहीं चला। पुलिस और स्क्वाड खाली हाथ वापस लौट आए। बाद में पुलिस ने खुलासा किया कि यह मॉक ड्रिल थी।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था हुई और सख्त
देश के हवाई अड्डों पर आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर राजाभोज विमानतल पर सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सशस्त्र जवान एक-एक यात्री के कागज देखने के बाद ही हवाई अड्डा भवन में प्रवेश करने दे रहे हैं। प्रत्येक यात्री का सामान बारीकी से चैक किया जा रहा है। आतंकी हमले की आशंका के बाद प्रबंधन ने सबसे पहले अपना ध्यान विमानतल की कई जगह से खतरनाक हो चुकी दीवार पर दिया है। इसके मद्देनजर दीवार के पास सीआईएसएफ के जवान खासतौर पर तैनात किए जा रहे हैं। दीवारों की मरम्मत का काम भी शुरू किया जार रहा है।
सीआईएसएफ के कमांडेंट दीपक अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल मौजूदा बल से ही विमानतल की सुरक्षा की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल की व्यवस्था की जाएगी। बल के सभी जवानों के अवकाश स्थगित कर दिए गए हैं। उन्हें केवल आपात स्थिति में ही छुट्टी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि रन-वे की सुरक्षा के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।