Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

रविवि के दीक्षांत समारोह में इसरो प्रमुख आएंगे?

रायपुर. पं. रविशंकर विश्वविद्यालय का 15वां दीक्षांत समारोह 12 जनवरी को आयोजित करने की तैयारी है। विवि की विद्या परिषद की आज हुई बैठक में इस तारीख का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में यह प्रस्ताव भी आया है कि इस बार दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के प्रमुख बी माधवन नायर को आमंत्रित किया जाए और उन्हें डीएससी की मानद उपाधि भी प्रदान की जाए। कार्यपरिषद की शुक्रवार को होने वाली आपात बैठक में इस पर मुहर लगेगी।

डा. नायर इसरो के चंद्रयान-1 अभियान को लेकर देश ही नहीं, पूरे विश्व में चर्चा में आ गए हैं। रविवि इस वजह से भी उन्हें रायपुर बुलाना चाहता है, ताकि यहां के छात्र प्रेरणा ले सकें। सूत्रों के मुताबिक विद्या परिषद की आज हुई बैठक में दीक्षांत समारोह की तिथि तय की गई। बैठक में यह प्रस्ताव भी आया कि अंचल के प्रसिद्ध मूर्तिकार नेलसन को डीलिट की मानद उपाधि दी जानी चाहिए।

कार्यपरिषद की बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें दीक्षांत समारोह और डीलिट और डीएससी उपाधि देने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि कार्यपरिषद में इन फैसलों का अनुमोदन किया जाएगा। बैठक के संबंध में कुलपति से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन रात 11 बजे तक वे फोन पर उपलब्ध नहीं हुए।

गौरतलब है 14वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि परमाणु वैज्ञानिक अनिल काकोड़कर थे। उन्हें डाक्टरेट आफ साइंस की मानद उपाधि दी गई थी। वे पत्नी सुयशा काकोड़कर के साथ वे यहां आए थे। पिछले दीक्षांत समारोह में 93 विद्यार्थियों को पीएचडी दी गई थी, जिसमें 65 प्रतिशत छात्राएं थी। 70 विद्यार्थियों को गोल्ड मैडल दिए गए थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: