Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

पूरा रंग, थोड़ी भंग

अजमेर. अजमेर की उत्तर और दक्षिण विधानसभा सीटों पर मतदान के दौरान छुटपुट झड़प और तकरार को छोड़कर माहौल शांत रहा। पुलिस की सक्रियता ने सभी मामले शांत करा दिए। कहीं कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार पहाड़गंज स्थित राजेंद्र स्कूल मतदान केंद्र पर उस समय हंगामा हो गया, जब गुर्जर समाज के लोग ढोल बजाते नाचते गाते वोट डालने पहुंचे। एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ता ने उन्हें टोका तो उन लोगों ने कार्यकर्ता की पिटाई कर दी। इस पर हंगामा हो गया।

पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। युवक को हिरासत में लिया गया है। क्लॉक टावर थाना प्रभारी प्रमोद स्वामी ने बताया कि मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। नागफणी इलाके में फर्जी वोटिंग के शक में प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच तकरार हो गई। पुलिस के दखल से मामला शांत हुआ। नयाबाजार, सुनहरी कॉलोनी भट्टा और अलवर गेट इलाके में भी हल्की झड़पों को छोड़कर माहौल शांत रहा।

बूथकर्मी की तबीयत बिगड़ी
क्रिश्चियन गंज इलाके में बूथ पर तैनात कर्मचारी सत्यनारायण शर्मा अचानक गश खाकर गिर गया। पुलिस ने उसे तुरंत जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया।

महापौर के खिलाफ नारेबाजी
नया बाजार चौपड़ पर मतदान समाप्ति के बाद कुछ लोगों ने महापौर धर्म्ेद्र गहलोत के खिलाफ नारेबाजी की। ये लोग गहलोत की किसी पुरानी टिप्पणी पर नाराज थे।

भाजपा कार्यालय बंद कराया
दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में नसीराबाद रोड पर नगरा में भाजपा का सेंट्रल चुनाव कार्यालय मतदान के दौरान भी सक्रिय था। कांग्रेस कार्यकर्ता पुखराज कोली ने पीठासीन अधिकारी को लिखित शिकायत दी तो पुलिस ने उसे बंद करा दिया। साथ ही बैनर-पोस्टर उतरवा दिए।

मतदाता लाते वाहन जब्त
मतदान के दौरान कई प्रत्याशियों ने मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था कराई। पुलिस ने उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों से ऐसे तेरह वाहन जब्त किए। इसके बावजूद कार्यकर्ता निजी वाहनों से मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने में जुटे थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: