|
अजमेर. अजमेर जिले की आठों विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को छुटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। चुनाव नियंत्रण कक्ष के मुताबिक जिले में 64.49 प्रतिशत मतदान हुआ। सर्वाधिक 74.43 प्रतिशत पुष्कर तथा सबसे कम 56.39 प्रतिशत मत अजमेर उत्तर में पड़े। जिले में कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना के समाचार नहीं हैं।
गुरुवार को जिले की सभी आठों सीटों के लिए सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो गया था। ग्रामीण और जाति विशेष की बहुलता वाले इलाकों में शुरुआत से ही मतदाताओं में उत्साह दिखा और कई केंद्रों पर सुबह से ही लाइनें नजर आईं। कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शाम पांच बजे तक शांतिपूर्ण मतदान हुआ।
आखिरी एक घंटे में रहा जोर : शाम चार बजे तक अजमेर उत्तर क्षेत्र में 45, दक्षिण में 48.41, केकड़ी 59, ब्यावर 52, नसीराबाद 59, किशनगढ़ 57.5, मसूदा 57.65 तथा पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 60 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
अंतिम एक घंटे में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे मतदान का प्रतिशत बढ़ गया। नौलखा में पुनर्मतदान कल संभव : पुष्कर के नौलखा केंद्र पर मशीन की खराबी के कारण मतदान स्थगित कर दिया गया। वहां अब छह दिसंबर को वोटिंग कराए जाने की सिफारिश कलेक्टर ने की है।