Sports
Other Sports Other Sports मास्को.
भारतीय खेलप्रेमियों को शनिवार को उस वक्त करारा झटका लगा, जब ओलंपियन अखिल कुमार, जितेंद्र कुमार, ललित लाकड़ा और दिनेश कुमार शनिवार को पहले एआईबी विश्व कप मुक्केबाजी के सेमीफाइनल में हार गए। हालांकि इन खिलाड़ियों का कांस्य पदक और ढाई-ढाई हजार डॉलर इनामी राशि मिलेगी।
कांटे के टक्कर में हारे अखिल :
भारतीय मुक्केबाज अखिल कुमार को विश्व कप मुक्केबाजी के 54 किग्रा. (बेंटमवेट) वर्ग के सेमीफाइनल में क्यूबा के अलार्कोन यानकील से शिकस्त झेलनी पड़ी। चार राउंड के बाद दोनों खिलाड़ी 4-4 अंकों के साथ बराबरी पर थे, लेकिन पंचों के काउंटबैक पर क्यूबाई मुक्केबाज को विजेता घोषित किया गया। यानकील बीजिंग ओलंपिक के रजत विजेता भी हैं।
अखिल और यानकील सतर्क शुरुआत करते हुए पहले राउंड में खाता भी नहीं खोल सके। दूसरे राउंड में दोनों ने 2-2 अंक जुटाए। तीसरे राउंड में क्यूबाई मुक्केबाज ने एक अंक की बढ़त ली, जिसे चौथे राउंड में अखिल ने बराबर कर दिया।
हरनांदेज के सामने नहीं टिक सके जितेंद्र :
इससे पहले 51 किग्रा. (फ्लाईवेट) वर्ग के सेमीफाइनल में भारतीय मुक्केबाज जितेंद्र कुमार का सामना हरनांदेज लाफीता से हुआ। क्यूबा के लाफीता को यह मुकाबला जीतने में ज्यादा मुश्किल नहीं हुई और उन्होंने जितेंद्र को 14-6 से हराया। जितेंद्र ने पहले राउंड में लाफीता पर 4-2 की बढ़त बनाई, लेकिन अगले राउंड में क्यूबाई मुक्केबाज 5-4 से आगे हो गए। अंतिम 2 राउंड में लाफीता ने 11 अंक और जुटाते हुए स्कोर 16 पहुंचा दिया।
ललित लाकड़ा को (57 किग्रा.) क्यूबाई मुक्केबाज आइडल टोरिएंटो ने 6-3 से हराया। वहीं 81 किलो वर्ग भार में भारत के चौथे मुक्केबाज दिनेश कुमार को आर्तर बेतरबीव ने 1-10 से करारी शिकस्त देकर भारतीय चुनौती समाप्त कर दी।