News
International International
वह महज 21 वर्ष की हैं और उन्होंने भारतीय ग्लैमर वर्ल्ड में अपना पहला कदम रखा ही है। इसके बावजूद उन्होंने इंडस्ट्री के प्रभावशाली खान यानी सलमान को डगमगाने पर मजबूर कर दिया है। जी हां, हम बात कर रहे हैं मिस यूके लीसा लिजॉरस की। वह बहुत जल्द ही विजय गलानी की फिल्म ‘वीर’ की शूटिंग शुरू करने वाली हैं।
यहां यह ध्यान रखने की बात है कि मुंबई पर हुए हालिया आतंकी हमलों के बावजूद वह अगले ही दिन इसी फिल्म के सिलसिले में बॉलीवुड पहुंच चुकी थीं। उन्हें ये आतंकी हमले भी डिगा नहीं सके।
बातचीत होने पर वह अपनी बात यहीं से शुरू करती हैं, ‘जो कुछ भी हुआ वह बहुत दुर्भाग्यशाली था। फिर भी मैं डरी नहीं। मेरे अलावा तमाम विदेशी अभी भी इसी शहर में रह रहे हैं। मैं न सिर्फ स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हूं, बल्कि मुझे यहां घर जैसा लग रहा है।’ जब उन्हें हॉलीवुड या अन्य विदेशी फिल्मों में आसानी से काम मिल सकता था तो उन्होंने बॉलीवुड की हिंदी फिल्म को ही क्यों चुना प्रश्न पर वह कहती हैं, ‘सिर्फ इसलिए क्योंकि यहां से मुझे पहला ऑफर मिला। मैंने अपने बचपन में कई हिंदी फिल्में देखी हैं। ऐसे में यह ऑफर मेरे लिए किसी ख्वाब के सच होने जैसा ही था।’
सलमान खान की बात चलने पर वह कहती हैं, ‘इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में सलमान जैसा आकर्षक व्यक्तित्व और किसी का नहीं है। मैंने फिल्म ‘युवराज’ में उनका काम देखा है, जो मुझे बहुत प्रभावित कर गया।
उनके साथ काम करते हुए मुझे उनके बारे में और भी बहुत कुछ जानने का मौका मिलेगा।’ लेकिन सलमान की नायिका बनने से इंडस्ट्री में उनकी तुलना कैटरीना कैफ से हो रही है प्रश्न पर वह कहती हैं, ‘कैटरीना से मेरी तुलना मेरे लिए किसी सम्मान से कम नहीं।
उन्होंने अपनी मेहनत से इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई है और इसलिए वह मेरी प्रेरणास्रोत हैं।’ फिलहाल लीसा लगता है कैटरीना से ही सबक लेते हुए अपनी हिंदी दुरुस्त करने में जुट गई हैं। क्रिकेट की शौकीन लीसा रेडियोग्राफी में कोर्स भी कर रही हैं।