राजकोट.
टाटा समूह की बहुप्रतीक्षित नैनो कार खरीदने का सपना संजोने वालों के इंतजार की घड़ी जल्द खत्म होती नहीं दिख रही है। दरअसल, टाटा समूह ने राजकोट में बनने वाले नैनो के कलपुर्जे के ऑर्डर में भारी कमी कर दी है।
उद्योग के कुछ जानकारों का मानना है कि बाजार में नैनो के आने में विलंब हो सकता है। स्थानीय कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी अमूल इंडस्ट्रीज के मनहर पारेख बताते हैं कि उनकी कंपनी 20 साल से टाटा समूह को ऑटो पार्ट्स की आपूर्ति कर रही है। लेकिन इस पैमाने पर ऑर्डर में कटौती उन्होंने पहली बार देखी है।
यह कंपनी ‘नैनो’ कार के लिए टाटा समूह को कनेक्टिंग रॉड्स सप्लाई करती है। इस समय कंपनी के पास प्रति माह 2-3 हजार रॉड्स आपूर्ति करने के आर्डर हैं। जबकि पहले यह आंकड़ा 10-12 हजार रहा करता था। उद्योग में मंदी की मार के चलते मांग घटने के कारण टाटा मोटर्स समेत कई कंपनियों को उत्पादन में कटौती पर मजबूर होना पड़ा है।