भोपाल
भारत का भविष्य उज्जवल है, सुनी-सुनाई बातों पर इन्वेस्ट न करें और अच्छे परिणाम देने वाली बड़ी व भरोसेमंद कंपनियों में लांग टर्म का निवेश फायदेमंद हो सकता है। यह बात शनिवार को समन्वय भवन में हुए निवेशक सम्मेलन में भास्कर समूह के चेयरमैन रमेशचंद्र अग्रवाल ने कही। उन्होंने कहा कि भारतीयों की बचत करने की आदत के चलते भारत पर वैश्विक आर्थिक मंदी का खास असर नहीं पड़ा है।
शेयर निवेशकों को बाजार की गहन जानकारियों से अवगत कराने बिजनेस भास्कर और आईईएस ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन द्वारा प्रस्तुत निवेशक सम्मेलन बाजार अब कहां? को भोपाल स्टाक इन्वेस्टर्स एसोसिएशन ने आयोजित किया। यहां मंदी के दिनों में लाभ कमाने वाले निवेशकों को स्मार्ट इन्वेस्टर का पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
इन्वेस्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल और कोषाध्यक्ष विपिन कोठारी ने बताया कि सम्मेलन में करीब हजार लोगों ने शिरकत की। इस मौके पर आईईएस ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन बादाम सिंह यादव भी उपस्थित थे।
क्या पूछा निवेशकों ने:
सम्मेलन में निवेशकों ने जानना चाहा कि आने वाले दिनों में बाजार किस करवट बैठेगा? निवेशकों ने निवेश कहां और कैसे करें व सेबी की भूमिका के बारे में ज्यादा सवाल किए। एक निवेशक ने पूछा कि सिस्टेमेटिक विथड्राल प्लान (एसडब्ल्यूपी) क्या है और इसे किस तरह लागू करें। निवेशकों ने म्युचुअल फंड, सिस्टेमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (सिप), एसेट अलोकेशन, फ्यूचर एंड आप्शन जैसे विषयों से जुड़े अहम सवालों के साथ मंदी में लाभ कैसे कमाएं पर सवाल पूछे।
क्या कहा विशेषज्ञों ने
लोकसभा चुनाव के दौरान शेयर बाजार नीचे भी जा सकता है ऊपर भी, इसलिए अभी संभलकर और लांग टर्म में लाभ कमाने के उद्देश्य से निवेश करें। अभी समय बाजार में प्रवेश करने का है, फ्यूचर ट्रेडिंग फिलहाल उचित नहीं है।
शेयर बाजार में आत्मविश्वास, अनुशासन, एसेट अलोकेशन, एसडब्ल्यूपी, राइट इन्वेस्टमेंट अप्रोच को अपनाएं जिससे मंदी से बच सकें। कब, कहां और कब तक निवेश करना है और कितना लाभ कमाना है पर विशेष ध्यान दें। गोल्ड और प्रापर्टी की तरह जब शेयर सस्ता हो तब खरीदे और अच्छा रिटर्न मिलने पर बेचें।
-अनिल सिंघवी, संपादक सीएनबीसी आवाज
निवेशक अपना आत्मविश्वास बढ़ाए, सरकारी पैकेज से शेयर बाजार में दुबारा दिवाली होगी। एफआईआई ने भारतीय शेयर बाजार पर दोबारा विश्वास दिखाना शुरू कर दिया है जिसका असर दो से तीन महीने में देखने को मिल सकता है। अभी ब्लूचिप कंपनियों के शेयर भाव नीचे हैं, खरीदी का समय है। लोगों को अच्छे पोर्टफोलियों वाली कंपनियों के शेयर खरीदकर तेजी का इंतजार करना चाहिए।
-एसपी तुलसीयान, विशेषज्ञ, शेयर मार्केट
शेयर बाजार में निवेशकों को निवेशक की तरह व्यवहार करना चाहिए न कि जुआरियों जैसे, जो कि अक्सर हार जाते हैं। डे ट्रेडिंग करने वाले निवेशक दरअसल बाजार को जुआखाना समझते हैं जो जल्द से जल्द अमीर बनना चाहते हैं। बाजार में लंबे समय के लिए निवेश करें, जल्दी लाभ कमाने की प्रवृति से बचें।
-गुल टेकचंदानी, शेयर मार्केट के विशेषज्ञ