भोपाल.
टीटी नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर एवं सकल जैन समाज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन का शनिवार को पहला दिन मेल-मिलाप और कुंडली मिलान में बीता।
पहले दिन करीब सात सौ युवक-युवतियों ने मंच पर आकर अपना-अपना परिचय दिया। उसके बाद युवक-युवतियों को पसंद, नापसंद का दौर चला। कुछ लोग पंडाल के किनारे स्थित स्टाल पर बैठे ज्योतिष एवं पंडितों से वर-वधू की कुंडली मिलान में व्यस्त दिखे।
सम्मेलन का शुभारंभ सागर के विधायक शैलेंद्र जैन की अध्यक्षता में और विधायक जयंत मलैया के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
दिगंबर जैन मंदिर कमेटी के महामंत्री विनोद चौधरी ने बताया कि इस वर्ष करीब 2008 प्रत्याशियों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं, जिन्हें स्मारिका में प्रकाशित किया गया है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में झांसी, ललितपुर, अहमदाबाद, सूरत, कोटा, बांसवाड़ा, रायपुर, दुर्ग, भिलाई से भी युवक-युवतियां एवं उनके अभिभावक शामिल हुए।
कनाडा, आस्ट्रेलिया से चार-पांच अभिभावक भी विवाह योग्य युवक-युवती कीतलाश में आए। दिगंबर जैन मंदिर कमेटी द्वारा इन सभी के ठहरने के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।