जयपुर. शहर में गत 13 मई को हुए सीरियल बम धमाकों के आरोपी आतंकी मोहम्मद सैफ उर्फ कारिया को शनिवार दोपहर राज्य की एटीएस के अधिकारी उन स्थानों पर लेकर गए, जहां वह बम रखने से पहले गया और बाद में बम रखा था। सैफ ने माणक चौक खंदे में बम रखा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एटीएस के अधिकारी आरोपी को पुलिस वाहन में बापर्दा सबसे पहले सिंधीकैंप और बाद में दूसरे स्थानों पर लेकर गए। आतंकी ने सभी स्थानों की पहचान की, जिस रास्ते से आतंकी आए और गए, वे भी बताए।
पहले रैकी करने आए : आतंकी जयपुर में पहले 11 मई को मास्टर माइंड आतिफ व अमीन के साथ रैकी करने आए थे और उसी दिन दिल्ली लौट गए थे। आतिफ व अमीन गत 19 सितंबर को दिल्ली में पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
ऐसे रखे थे टाइम बम
दस आतंकी आतिफ व अमीन के नेतृत्व में बम साथ लेकर दिल्ली से 13 मई को जयपुर सिंधीकैंप बस स्टैंड पर दोपहर 11.30 बजे उतरे। वहां से जालूपुरा के एक होटल में खाना खाने के लिए ऑटो से गए व वापस सिंधीकैंप पहुंचे। वहां से दूसरे ऑटो से अजमेरी गेट होते हुए किशनपोल बाजार गए और वहां 10 साइकिलें खरीदीं।
वहां सभी को एक-एक साइकिल दी गई। इसके बाद उन स्थानों पर भेजा गया, जहां बम रखने थे। माणक चौक खंदे में बम रखने के बाद सैफ सांगानेरी गेट होता हुआ शाम साढ़े चार बजे रेलवे स्टेशन पहुंचा और अपने साथियों के साथ शताब्दी एक्सप्रेस से लौट गया। सैफ से की गई पूछताछ में सामने आया है कि उनके साथ बम रखने वाला दसवां आतंकी आजमगढ़ का सरवर था। अब उसका गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया जाएगा।
6 आतंकियों के गिरफ्तारी वारंट
एटीएस ने जयपुर में बम रखने वाले 6 आतंकियों के नाम सामने आने पर उनके गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए एक दल उत्तर प्रदेश भेजा गया है।, साथ ही गिरफ्तारी में केंद्रीय एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है। इन आतंकियों में सलमान, मो. खालिद, आरीज, शैफूर, सादिक मलिक व एक अन्य भी शामिल है। सभी आतंकी आजमगढ़ व उसके आसपास के रहने वाले हैं।