जयपुर.
कांग्रेस सरकार बनने पर भू-उपयोग परिवर्तन संबंधी धारा 90 बी को खत्म करने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि 90 बी ने सरकार बदल दी। कई लोगों के मुंह पर कालिख पोत दी।
प्रदेश और जेडीए को बदनाम करके रख दिया। किसान बर्बाद हो गए। यह धारा बनाई तो अच्छे काम के लिए थी, लेकिन इसका दुरुपयोग हो गया। अब इसमें इस तरह का बदलाव करेंगे, जिससे इसका दुरुपयोग न हो। वे एक माह में विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद गहलोत ने सचिवालय में मीडिया से कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने 90 बी का प्रावधान इसलिए किया था कि किसान बर्बाद न हो। भूखंडधारकों को गृह निर्माण समितियों की धोखाधड़ी से मुक्ति मिले। बाहर से आए दलालों को शायद 90 बी की मंशा का पता नहीं था, इसलिए उन्होंने इसका दुरुपयोग किया।
जनता की मुनीम रहेगी सरकार
गहलोत ने कहा कि राजनेता और नौकरशाही जनता के धन के मुनीम हैं। फिजूलखर्ची बंद हो और एक-एक पैसे का सदुपयोग हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी सरकार जनता के मुनीम के रूप में काम करेगी।