जयपुर.
कांग्रेस विधायक दल के नेता अशोक गहलोत ने शनिवार को यहां राजभवन में राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल एस.के. सिंह ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामनारायण चौधरी सहित कई प्रमुख हस्तियों और सैकड़ों समर्थकों की मंौजूदगी में गहलोत ने सुबह 9.23 बजे हिंदी में शपथ ली।
समारोह में महिपाल मदेरणा, पूर्व विधानसभाध्यक्ष परसराम मदेरणा, केन्द्रीय मंत्री शीशराम ओला और कर्नल सोनाराम नजर ही नहीं आए। इससे पहले गहलोत ने समारोह स्थल पर सभी का अभिवादन किया। गहलोत ने जैसे ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, पूरा पंडाल जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। यहां से सचिवालय पहुंचकर गहलोत ने गांधीजी की प्रतिमा को नमन किया। उन्होंने कहा मैंने गांधीजी के सामने संकल्प लिया है कि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए मेरी सरकार जनता की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।
शेखावत से गले मिले, वसुंधरा का अभिवादन : शपथ से पहले गहलोत राजभवन में पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत से गले मिले। उन्होंने निवर्तमान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का अभिवादन किया। इसके बाद कांग्रेस प्रभारी मुकुल वासनिक, केन्द्रीय मंत्री नमोनारायण मीणा, महिला आयोग अध्यक्ष गिरिजा व्यास और वरिष्ठ नेता रामनारायण चौधरी से मिले।
समारोह में ये भी थे मौजूद : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत, पुत्र वैभव गहलोत, पुत्री सोनिया, पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया, प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, पूर्व उप मुख्यमंत्री कमला, विधायक शांति धारीवाल, दीपेन्द्रसिंह शेखावत, पूर्व सार्वजनिक निर्माण मंत्री राजेन्द्र राठौड़, पूर्व उद्योग मंत्री डॉ. दिगंबरसिंह।