चेन्नई.
वीरेंद्र सहवाग (83 रन, 68 गेंद) की आतिशी पारी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में ऐतिहासिक जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। मैच के चौथे दिन रविवार को इंग्लैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 387 रन का विशाल लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में मेजबान टीम ने एक विकेट पर 131 रन बना लिए हैं।
दिन का खेल खत्म होने पर भारत के गौतम गंभीर 41 और राहुल द्रविड़ दो रन बनाकर नाबाद लौटे। जब भारत सोमवार को बल्लेबाजी के लिए उतरेगा, तो उसे जीत के लिए अपने स्कोर में 256 और रन जोड़ने होंगे। वहीं, इंग्लैंड को जीतने के लिए भारत के और नौ विकेटों की दरकार होगी। गौरतलब है कि टेस्ट क्रिकेट में चौथी पारी में 387 या इससे अधिक का लक्ष्य सिर्फ तीन बार हासिल किया जा सका है।
इससे पहले इंग्लैंड ने रविवार को अपनी दूसरी पारी नौ विकेट पर 311 रन बनाकर घोषित की और पहली पारी की 75 रन की बढ़त के आधार पर भारत को 387 रन का लक्ष्य दिया। इंग्लैंड की ओर से पहली पारी में शतक बनाने वाले एंड्रयू स्ट्रॉस (108) और पॉल कॉलिंगवुड (108) ने शतकीय पारियां खेलीं।
रिकॉर्ड साझेदारी : इंग्लैंड ने शनिवार के अपने स्कोर (172/3) से आगे खेलते हुए रविवार को शानदार शुरुआत की। उसके शनिवार के नाबाद बल्लेबाजों एंड्रयू स्ट्रॉस और पॉल कॉलिंगवुड ने चौथे विकेट के लिए 214 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। यह चेन्नई के एमए. चिदंबरम मैदान पर किसी भी विदेशी टीम की ओर से चौथे विकेट के लिए सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है।
लंच तक नहीं मिली कामयाबी : जहीर खान एंड कंपनी के लाख प्रयासों के बावजूद रविवार को लंच तक भारत को कोई कामयाबी नहीं मिली। इंग्लैंड ने इस दौरान 26 ओवर में 72 रन जोड़े और अपनी टीम का स्कोर तीन विकेट पर 244 रन पहुंचा दिया। इंग्लिश ओपनर एंड्रयू स्ट्रॉस के लिए यह मैच बेहद खास रहा। उन्होंने जब लंच से पहले अपना शतक पूरा किया, तो उनका नाम टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक जमाने वाले दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों में शुमार हो गया। वे भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले ग्राहम गूच के बाद दूसरे अंग्रेज क्रिकेटर हैं।
हरभजन ने दिया पहला झटका : भारतीय टीम को रविवार को पहली सफलता हरभजन सिंह ने दिलाई। उन्होंने लंच के बाद स्ट्रॉस को लक्ष्मण के हाथों कैच कराया। स्ट्रॉस ने 244 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौकों की मदद से 108 रनों की पारी खेली।
स्ट्रॉस के पैवेलियन लौटते ही इंग्लैंड के बाकी बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट हो गए। एंड्रयू फ्लिंटॉफ (4) के आउट होने के बाद जल्दी ही जहीर खान ने शतकवीर पॉल कॉलिंगवुड को भी पैवेलियन का रास्ता दिखा दिया। कॉलिंगवुड ने 250 गेंदों पर नौ चौके लगाते हुए 108 रन की पारी खेली। मैट प्रायर (33) ने एक बार फिर अच्छी पारी खेली।
चायकाल के बाद जब इंग्लैंड का नौवां विकेट गिरा, तो मेहमान कप्तान केविन पीटरसन ने पारी समाप्ति की घोषणा कर दी। उस समय इंग्लैंड का स्कोर नौ विकेट 311 रन था। इस प्रकार पहली पारी की बढ़त के आधार पर इंग्लैंड ने भारत को 387 रन का लक्ष्य दिया। भारत की ओर से जहीर खान और इशांत शर्मा ने तीन-तीन विकेट झटके। हरभजन सिंह, अमित मिश्रा और युवराज सिंह को एक-एक विकेट से ही संतोष करना पड़ा।
सहवाग-गंभीर ने दी मनचाही शुरुआत : विशाल लक्ष्य के दबाव को परे झटकते हुए भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने गौतम गंभीर के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की। इन दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 23 ओवर में 117 रन जोड़े। इस दौरान सहवाग ने भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाया। 32 गेंदों पर अर्धशतक पूरा करने वाले सहवाग को इंग्लिश ऑफ स्पिनर ग्रीम स्वान ने एलबीडब्ल्यू. आउट किया। जब दिन का खेल खत्म घोषित किया गया, तब तक भारत ने एक विकेट पर 131 रन बना लिए थे।