इंदौर. देश में आतंकवाद की बढ़ती घटनाओं के विरोध में रविवार को शहर के लोग सड़क पर उतरेंगे। बिना भाषण या नारेबाजी के विरोध जताकर मौन जुलूस निकालेंगे। शांति मार्च के लिए लोग सुबह 9.45 बजे राजबाड़ा चौक में एकत्र होंगे और 10 बजे गांधी प्रतिमा पहुंचेंगे। राष्ट्रीय एकता के संकल्प के बाद कार्यक्रम का समापन होगा।
अभ्यास मंडल द्वारा आयोजित इस शांति मार्च में शहर के राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक संगठन और शहर के विभिन्न क्षेत्रों के नागरिक शामिल होंगे। अ.भा. वैश्य महासम्मेलन की जिला इकाई के अध्यक्ष कैलाश खंडेलवाल ने कहा मार्च में वैश्य समाज के सभी घटकों के लोग शामिल होंगे।
म.प्र. कुर्मी समाज के गणोश चौधरी, किशोर गौर, सरदार पटेल सेवा संस्थान के रामनरेश पटेल, युवा जाग्रति परिषद् के मोतीलाल यादव, माथुर वैश्य समाज के ओमप्रकाश गुप्ता, मध्य प्रदेश बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के मोहनकृष्ण शुक्ला, उदय वर्मा, रामदेव सायडीवाल, सी.डी. अकोदिया, विजय दलाल, सतीश जैन, हिंदी परिवार के हरेराम वाजपेयी, साहित्य संगम के सदाशिव कौतुक, अभिभाषक संघ के सुरेंद्रकुमार वर्मा और राघवेंद्रसिंह बैस, सिटी ट्रेड यूनियन कौंसिल के संयोजक वसंत शिंत्रे, म.प्र. शहीद भगतसिंह मंच के मानवेंद्र त्रिवेदी, संयोजक महेश सोलंकी, राम कामले, शरद चौरसिया, अक्षय त्रिवेदी, डॉ. ओम नागपाल शोध संस्थान की सचिव डॉ. दिव्या गुप्ता, म.प्र. वक्फ बोर्ड के सदस्य मुनीर अहमद खान और काजी अबूरेहान फारूकी ने लोगों से शांति मार्च में शामिल होने का आग्रह किया है।