इंदौर.
सुविधिनगर मेन रोड पर नर्मदा के तृतीय चरण की पाइप-लाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई ने करीब एक किमी इलाके की पेयजल व्यवस्था को तार-तार कर दिया है। रहवासियों द्वारा चंदा करके डाली गई पेयजल लाइन जेसीबी और पोकलेन मशीन की भेंट चढ़ गई है। 20-25 दिनों से लोग फूटी लाइन में लूज पाइप जोड़कर जैसे-तैसे पानी भर रहे हैं।
सुविधिनगर में पानी की किल्लत के बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से लोग भड़क गए हैं। नर्मदा की तृतीय चरण की लाइन बिछाने के दौरान पैदा होने वाली दिक्कत से निपटने के लिए पहले से कोई प्लानिंग नहीं होने से खफा रहवासियों ने बुधवार को काम ही ठप करवा दिया था।
मशीनों की खुदाई से बर्बाद हुई पुरानी पाइप लाइन को दोबारा जोड़ने के आश्वासन के बाद ही लोगों ने काम शुरू करने दिया मगर एक दिन बाद रहवासी फिर नाराज हो गए। उनकी शिकायत है आश्वासन के बाद जोड़े गए आठ-दस नल कनेक्शन भारी-भरकम मशीनों के कारण फिर बेकार हो गए हैं जिससे पानी के लिए फिर मारा-मारी मच गई। क्षेत्र में पानी सप्लाय करने वाले शंकर अधिकारी ने बताया तीसरे चरण की लाइन के लिए हो रही खुदाई के बाद क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को जोड़ा जाना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। शिकायत करने पर आश्वासन ही मिल रहा है जिससे लोग परेशान है।
पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहे लोगों से क्षेत्र के लोगों ने बात की तो पहले उन्होंने देखते हैं कहकर पल्ला झाड़ लिया लेकिन जब लोग गुस्सा हुए और बुधवार को काम बंद कराने पर अड़ गए तो टूटे-फूटे कनेक्शन जोड़ने की कोशिश हुई। रहवासी संघ ने शनिवार को क्षेत्र के थाना प्रभारी को भी पानी भरने में आ रही दिक्कतों से अवगत कराते हुए शिकायत की। उनका कहना है ठेकेदार के लोग काम करते हुए आगे बढ़ रहे हैं लेकिन पीछे मुड़कर पेरशानी को देखने वाला कोई नहीं है।
कनेक्शन जोड़े जाएंगे
सुविधिनगर इलाके में नर्मदा के तीसरे चरण का कार्य जारी है। क्षेत्र की पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की दशा में उसे दुरुस्त करना कांट्रेक्टर की जिम्मेदारी है। जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक नल कनेक्शन पुन: जोड़े गए हैं बावजूद लोगों की शिकायतें हैं तो हम उसे दुरुस्त करवाएंगे।
- धर्मेद्र वर्मा (डिप्टी मैनेजर, एडीबी परियोजना)