Elections 2009 Divya Bhaskar Business Bhaskar Indiainfo DNA 3Dsyndication MyFM Mera Mobi


HomeNewsMetrosIndore Indore

देखा सूरज की किरणों का कमाल

इंदौर.solor 30 रुपए के ईंधन में पूरे हफ्ते घर का खाना बन जाएगा। यही नहीं, हीटर के कारण बढ़ता जा रहा बिजली का बिल भी धराशायी हो जाएगा। ऊर्जा संरक्षण दिवस के मौके पर गांधी हॉल में शनिवार से शुरू हुए सोलर मेले में सूरज की किरणों के ऐसे ही कमाल देखकर लोग हैरान हो रहे हैं।

मेले का उद्घाटन ऊर्जा अनुसंधान एवं शोध केंद्र के डायरेक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने किया। अतिथि स्वागत ऊर्जा अधिकारी एस.एल. बजाज ने किया। इस मौके पर संचालक गिरीश बुलेट ने बताया घरों में लगने वाले वाटर हीटर पर सबसे ज्यादा बिजली की खपत होती है। उन्होंने कहा यदि घरों में सोलर वाटर हीटर लग जाए तो करीब 60 प्रतिशत बिजली बचाई जा सकती है। गवर्नमेंट भी सोलर संबंधी उपकरण खरीदने पर 2 प्रतिशत ब्याज की दर पर लोन दे रही है। मेले का उद्देश्य लोगों को ऊर्जा बचाने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने बताया ऊर्जा संरक्षण दिवस 14 दिसंबर को प्रतिवर्ष देशभर में इसी तरह प्रदर्शनी लगाकर मनाया जाता है।

बढ़ते बिल से परेशान..
मेले में आए एमजी रोड निवासी एम.एल. बरफा बोले मैं बिजली के बिलों से परेशान हो गया हूं, कभी तीन हजार तो कभी चार हजार रुपए का बिल महीने में आ जाता है। मैं यहां सोलर हीटर व अन्य चीजें देखने आया हूं, अगर पसंद आ गया तो खरीद लूंगा।

एमआईजी कॉलोनी निवासी इंजीनियर आर. कालरा बोले मैं यहां होम लाइट सिस्टम खरीदने की इच्छा से आया हूं। इसे खरीदकर मैं अपने बिजली के बिल में 40 प्रतिशत तक कटौती कर सकता हूं।सुदामानगर निवासी दीपक अग्रवाल को यहां साढ़े नौ सौ रुपए का ऊर्जा स्टोव अच्छा लगा। वे बोले मैं इस स्टोव को खरीदने वाला हूं, क्योंकि मेरे यहां गैस का एक ही कनेक्शन है, नंबर लगाने पर कम से कम पांच से सात दिन में गैस आती है। इस बीच बहुत दिक्कत आती है। इस स्टोव को खरीदने के बाद यह दिक्कत खत्म हो जाएगी।

आज चित्रकला प्रतियोगिता- आयोजक गिरीश बुलेट ने बताया रविवार को सोलर मेले के अंतिम दिन दोपहर 12 बजे से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन होगा जिसमें दिगंबर स्कूल, वैष्णव गल्र्स कन्या स्कूल, वैष्णव हायर सेकंडरी स्कूल, क्लाथ मार्केट कन्या स्कूल, वैष्णव एकेडमी, बीडी तोषनीवाल स्कूल सहित अन्य स्कूलों के करीब 250 बच्चे ऊर्जा की बचत से संबंधित चित्र बनाएंगे। अच्छे चित्र को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

लोग जागरूक हो रहे हैं
डॉ. एस.पी. सिंह ने सिटी भास्कर को बताया सौर ऊर्जा के प्रति लोग जागरुक हो रहे हैं। देशहित में ऊर्जा की बचत बहुत जरूरी है। अगर अभी भी लोग जागरूक नहीं होंगे तो फिलहाल जिस तरह पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है आने वाले समय में बिजली के लिए भी ऐसा ही हाहाकर मच सकता है।

अब समय आ गया है कि सरकार टीवी, रेडियो व अखबारों में विज्ञापन देकर लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करें। इजराइल में तो गर्वमेंट ने बिजली से गीजर चलाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। हमारे यहां भी ऐसी ही सख्ती बरतनी होगी। फिलहाल डिंडोरी के 20 व झाबुआ के 27 गांवों में सौर ऊर्जा से लोगों को बिजली मिल रही है। यहां हरेक घर में ऊर्जा स्टोव भी खरीद लिए गए हैं। अब किसान खेतों में मोटर चलाने के लिए भी सौर ऊर्जा के उपकरण खरीद रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: