जालंधर. पंजाब यूथ कांग्रेस के जिला स्तरीय चुनाव के प्रधान पद के लिए अब कमलजीत कौर मुलतानी और मोनिका वर्मा में ही मुकाबला होगा। अरसे से प्रधान पद की सशक्त उम्मीदवार के तौर पर प्रोजैक्ट की जा रही अंजू मदान के नामांकन न करने से वह मुकाबले से बाहर हो गई हैं, हालांकि उन्होंने नामांकन फार्म लिया जरूर था।
जिला प्रधान के लिए कमलजीत कौर मुलतानी व मोनिका वर्मा (दोनों ओपन महिला) और डिस्ट्रिक्ट कमेटी के लिए अनिल ढल्ल (ओपन), मनप्रीत सिंह (ओबीसी), चंद्रशेखर (ओबीसी), हरभजन लाल (एससी) एवं विक्रम कौशल (ओपन) ने नामांकन दाखिल किए हैं।
दूसरी तरफ जालंधर रूरल के प्रधान पद के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी संतोख के बेटे विक्रम जीत सिंह चौधरी सशक्त दावेदार बन कर सामने आए हैं। विक्रम चौधरी के नामांकन दाखिल करने के समय रूरल के ब्लाक प्रधानों के अलावा भारी संख्या में डैलीगेट उपस्थित थे। विक्रम चौधरी के अलावा राजेश कुमार ने भी प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
डिस्ट्रिक्ट कमेटी के लिए मनप्रीत सिंह, राकेश कुमार, लखविंदर सिंह, अमरीक लाल लद्दड़, जसमीन, परमजीत सिंह एवं कमलजीत सिंह ने नामांकन दाखिल किया। अर्बन एवं रूरल की नामांकन प्रक्रिया को कांग्रेस भवन में ही अंजाम दिया गया। रविवार को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे और 16 दिसंबर को चुनाव होंगे।