News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 19 मोहल्लों और 11 बड़ी-छोटी कालोनियों को मिलाकर 198 मतदान केंद्रों में कांग्रेस बढ़त बनाने में कामयाब रही। राज्य निर्वाचन दफ्तर से जो आंकड़े जारी हुए हैं, उनके मुताबिक श्री उपासने आठ कालोनियों में ही बढ़त बना पाए।
घर में भारी पड़े जुनेजा
श्री जुनेजा व श्री उपासने, दोनों शहर के पुराने बाशिंदे हैं और परिजन राजनीति से जुड़े रहे। लेकिन एक ओर जुनेजा ने अपने वार्ड और कार्यक्षेत्र में उपासने को पछाड़ दिया, तो श्री उपासने अपने पुराने मोहल्ले में भी बढ़त नहीं बना पाए। श्री जुनेजा ने फाफाडीह इलाके के 33 मतदान केंद्रों में श्री उपासने पर 1397 वोटों की लीड ली। वहीं श्री उपासने बरसों से तात्यापारा क्षेत्र में रहने के बावजूद वहां से पिछड़ गए। इस तरह, जुनेजा ने फाफाडीह व तात्यापारा में ही 1723 मत हासिल किए।
झुग्गियों में भाजपा आगे
उत्तर के 19 मोहल्ले व कालोनियों के झुग्गी बस्ती इलाकों में भाजपा ने कांग्रेस को पछाड़ दिया। इसके विपरीत, मिडिल क्लास सेगमेंट वाली कालोनियों और मोहल्लों में कांग्रेस आगे रही। खमतराई व तेलीबांधा इलाके में काफी झुग्गी बस्तियां बसी हैं। दोनों ही इलाकों में उपासने ने अच्छी बढ़त बनाई। खमतराई में उन्हें 422 वोट व तेलीबांधा में 1301 वोटों की लीड मिली। दूसरी ओर, शहरी इलाकों में कांग्रेस को काफी अच्छे वोट मिले। श्री जुनेजा ने सिविल लाइंस में 2004 वोटों और शंकरनगर इलाके में श्री उपासने को 2431 वोटों से लीड हासिल की।
पुराने मोहल्लों में टफ
इस सीट में राजधानी के कुछ पुराने मोहल्ले भी आते हैं। इनमें भाजपा व कांग्रेस दोनों के ही बीच काफी रोमांचक फाइट हुई। नेक टू नेक फाइट की स्थिति में कुछ मोहल्लों में उपासने आगे रहे तो कुछ में जुनेजा आगे रहे। श्री उपासने स्टेशन वार्ड, शुक्रवारी बाजार, जोरापारा, ज्वाहर नगर, बढ़ईपारा व चिरहूलडीह मोहल्लों में आगे रहे। दूसरी ओर श्री जुनेजा गंजपारा, केलकरपारा व हांडीपारा में आगे रहे।
दस प्रत्याशियों को 4 फीसदी वोट
उत्तर की सीट पर 12 उम्मीदवार मैदान में थे। 198 मतदान केंद्रों में कुल 96574 वोट पड़े। इसमें श्री जुनेजा को 46946 वोट, श्री उपासने को 45446 वोट और बाकी बचे दस उम्मीदवारों को 4182 वोट मिले। कांग्रेस और भाजपा में मुकाबला इतना कड़ा था कि 12 में से दस उम्मीदवारों को 4 प्रतिशत मत ही मिल पाए।