लौंगोवाल (संगरूर). संगरूर जिले के किला भरीयां गांव में शुक्रवार शाम दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद मौके पर पहुंचे हवलदार पर एक गुट ने गाड़ी चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल हवलदार इंद्रजीत सिंह ने शनिवार को चंडीगढ़ पीजीआई में दम तोड़ दिया।
इस घटना में दो व्यक्ति गंभीर रूप में घायल हो गए। पुलिस ने इस संबंध में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार हैं।
किला भरीयां गांव में रिटायर्ड फौजी गुरचरण सिंह और नंबरदार परमजीत सिंह के परिवारों के बीच पंचायत चुनाव के बाद से अनबन चल रही थी। गांव में दो गुट बन गए थे। शुक्रवार शाम एक शादी के दौरान दोनों गुटों के लोग भिड़ गए। सूचना मिलने पर लौंगोवाल थाने से हवलदार इंद्रजीत सिंह और गुरमीत को मौके पर भेजा गया।
पुलिसकर्मियों ने जब दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की तो गुरचरण व उसके साथी भड़क उठे और उन्होंने इंद्रजीत सिंह, परमजीत व गुरबख्श सिंह पर गाड़ी चढ़ा दी। तीनों को गंभीर हालत में लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टर्स ने हवलदार इंद्रजीत की हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई। परमजीत और गुरबख्श की हालत नाजुक बनी हुई है। लौंगोवाल थाना प्रभारी स्वर्णजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में रिटायर्ड फौजी गुरचरण सिंह, सिकंदर सिंह, दीपी, अक्कावाला गांव के अजायब सिंह, प्रदीप कुमार और रामकुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।