सिडनी.
* खेल समाप्त होने के पांच मिनट पहले जीता ऑस्ट्रेलिया
* मिशेल जॉनसन ने लिया कप्तान स्मिथ का कीमती विकेट
* टेस्ट सीरीज 2-1 से दक्षिण अफ्रीका के नाम
तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन ने मैच समाप्ति के महज पांच मिनट पहले चोट के बावजूद मैदान पर संघर्ष कर रहे दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ को बोल्ड करके तीसरे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के अंतिम दिन ऑस्ट्रेलिया को 103 रनों से जीत दिलाकर उसकी नंबर एक की कुर्सी बचा ली। ऑस्ट्रेलिया के पीटर सिडल को मैन ऑफ द मैच व द.अफ्रीका के कप्तान ग्रीम स्मिथ को मैन ऑफ द सीरीज का अवार्ड मिला।
बाएं हाथ के गेंदबाज जॉनसन जब मैच का अपना अंतिम ओवर डालने आए तो ऐसा लग रहा था कि स्मिथ और मखाया एनतिनी की आखिरी जोड़ी इस मैच को बचा ले जाएगी, लेकिन जॉनसन ने इस ओवर की दूसरी ही गेंद पर स्मिथ को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलियाई खेमे में खुशी की लहर पैदा कर दी।स्मिथ हाथ की हड्डी में फ्रैक्चर होने के कारण अंतिम बल्लेबाज के तौर पर खेलने उतरे थे।
उन्हें खेलने में काफी परेशानी हो रही थी लेकिन जीवटता और बहादुरी का बेहतरीन नजारा पेश करते हुए उन्होंने आधे घंटे तक कंगारूओं को आखिरी कामयाबी के लिए तरसाए रखा।इस तरह दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी 272 रनों पर समाप्त हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 103 रनों के अंतर से जीतकर इज्जत बचा ली।
सीरीज के पहले दो मैचों में दक्षिण अफ्रीका के हाथों मिली शिकस्त से मेजबान सीरीज तो पहले ही गंवा चुके थे लेकिन इस मैच में भी हार जाने पर वह गत डेढ़ दशकों से बरकरार अपनी नंबर एक कुर्सी भी खो देता। इस जीत के लिए आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को श्रेय देना होगा जिन्होंने सधा हुआ प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों पर शुरू से ही लगाम लगाये रखी और लगातार अंतराल पर विकेट भी झटके।
युवा तेज गेंदबाज पीटर सिडल ने 54 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि डग बोलिंगर, मिशेल जॉनसन और एंड्रयू मैक्डोनल्ड को दो-दो विकेट मिले। द.अफ्रीका की ओर से दूसरी पारी में अमला ने 59, एडी विलियर्स ने 56 रन बनाए। स्टेन व एनटिनी ने भी 28-28 रन का योगदान दिया।