Vaama
Fashion N Beauty Fashion N Beauty
कई कारणों से त्वचा अक्सर अपनी प्राकृतिक सुंदरता और नमी खो देती है। ऐसा तब अधिक होता है, जब वातावरण में आर्द्रता की कमी हो। धूप में अधिक समय तक रहने पर भी ऐसा होता है। तैलीय त्वचा में भी आद्र्रता की कमी हो सकती है। खुश्क मौसम में यह अधिक होता है।
इस मौसम में त्वचा की ऊपरी सतह पर रूखापन बढ़ जाता है, जो त्वचा पर खिंचाव और खुश्की के रूप में महसूस होता है। साथ ही कुछ हिस्सों पर सफेद दाग भी पड़ जाते हैं। जब वातावरण में आद्र्रता होती है तो तैलीय त्वचा को अलग से मॉश्चराइजर की जरूरत नहीं पड़ती। त्वचा इस कमी को मौसम में व्याप्त नमी से पूरा कर लेती है। यदि आपकी त्वचा भी तैलीय है तो उस पर मॉश्चराइजर नहीं लगाना चाहिए, नहीं तो अधिक तेल के कारण त्वचा के रोम छिद्र बंद हो जाएंगे, जिससे ब्लैक हेड्स और पिंपल्स की शिकायत भी हो सकती है। मगर मौसम ज्यादा ही सूखा हो तो थोड़े मॉश्चराइजर से हल्की मसाज की जा सकती है।
इसके अलावा गुलाब व चमेली से बने स्किन टोनर का प्रयोग करें। इससे त्वचा को खोई हुई नमी वापस मिलेगी। ऑयली स्किन के लिए ऑयल फ्री क्रीम या मॉश्चराइजर लें, साथ ही ऑयल फ्री क्रीम में चंदन का पेस्ट मिलाकर लगाने से भी फायदा होता है। त्वचा की नमी और चमक बरकरार रखने के लिए दिन के समय इसे जरूर लगाएं, क्योंकि धूप में सबसे ज्यादा नमी का क्षय होता है। इससे न सिर्फ त्वचा की ऊपरी सतह का बचाव होगा, बल्कि आप धूल-मिट्टी और अन्य हानिकारक पदार्थो से भी बच पाएंगी।
शहद एक ऐसा स्किन टोनर है, जो तैलीय और सामान्य, सभी प्रकार की त्वचा के लिए उपयुक्त होता है। इसके तत्व नमी को अपनी ओर आकर्षित करते हैं और त्वचा को स्वस्थ बनाते हैं। अपनी तैलीय त्वचा के लिए आप अंडे के सफेद पल्प में नींबू का रस और शहद मिलाकर त्वचा पर लगाएं। फिर लगभग 20 मिनट के बाद सादे पानी से धो लें। नींबू के रस और अंडे के सफेद पल्प में जबरदस्त क्लीनिंग इफेक्ट होता है। इससे त्वचा के तैलीय तत्व साफ होते हैं। भरपूर पोषण करने के साथ ही साथ यह त्वचा को मुलायम बनाती है।