News
Metros
Chandigarh Chandigarh
b>मोहाली। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन उर्फ चांद मोहम्मद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बुधवार दोपहर बाद से उनके गायब होने और फिर सकुशल होने की खबरें सुर्खियों में रहीं। पहले चंद्र मोहन की दूसरी पत्नी अनुराधा उर्फ फिजा ने आरोप लगाया कि उनके पति को अगवा किया गया है। अगवा करने का आरोप चंद्र मोहन के भाई कुलदीप विश्नोई पर लगाया गया।
इसके बाद कुलदीप ने कहा कि चंद्र मोहन के गायब होने के पीछे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। करीब तीन घंटे चले लुकाछिपी के बाद चंद्र मोहन ने समाचार चैनलों को फोन करके बताया कि उन्हें अगवा नहीं किया गया है। वे मर्जी से पंचकूला गए हैं। गौरतलब है कि चंद्रमोहन ने उपमुख्यमंत्री रहते हुए ही पहली पत्नी को छोडकर अनुराधा से शादी कर ली थी। इसके लिए दोनों ने मुस्लिम धर्म स्वीकार कर लिया।
इस बीच चंद्र मोहन उर्फ चांद मोहम्मद की पत्नी फिजा ने समाचार चैनलों के सामने रो—रो कर दुखड़ा सुनाया। उनका कहना था कि सांसद कुलदीप विश्नोई ने आधे दर्जन गुंडों को भेजकर चांद को अगवा करा लिया है। चांद जब से घर से गायब हैं तब से उनका मोबाइल बंद है। फिजा का साफ कहना था कि पंचकूला में चांद मोहम्मद ने सर्वधर्म सम्मेलन किया था। उसमें भारी संख्या में भीड़ जुटी थी। इससे कुलदीप विश्नोई घबरा गए।
उधर फिजा के आरोप को कुलदीप विश्नोई ने सिरे से खारिज कर दिया है। कुलदीप ने यह भी कहा कि वे फिजा के बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। सब जानते हैं कि फिजा किस तरह की औरत है।