गुड़गांव.
पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन उर्फ चांद मोहम्मद ने कहा कि वह अपनी पहली पत्नी सीमा बिश्नोई से बहुत प्यार करते हैं लेकिन फिज़ा उनके दिल में रहती है। सीमा से उन्हें अलग नहीं किया जा सकता।
चंडीगढ़ से गायब होने के तीन दिन बाद शनिवार को चांद मोहम्मद यहां सेक्टर 14 में अपने एक संबंधी के यहां पहली बार मीडिया से रू-ब-रू हुए। उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह से होश में हैं। उन्हें न तो अगवा किया गया है और न ही किसी से डरकर भागे हैं।
यदि कोई यह आरोप लगाता है तो वह निराधार है। चांद ने कहा कि वह कहां हैं, फिज़ा को इसकी पूरी जानकारी है। उनके बीच कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं है और शीघ्र ही स्थिति साफ हो जाएगी। हालांकि उन्होंने इस सवाल को टाल दिया कि वह फिजा के पास जाएंगे या सीमा के पास।
औरत प्यार का सागर
चांद मोहम्मद ने पहले तो मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया, मगर जब उनके रिश्तेदारों ने दबाव डाला तो वे बातचीत के लिए राजी हुए। उन्होंने कहा, प्यार की परिभाषा को मैं खूब अच्छी तरह से जानता हूं, इसलिए कोई मुझे बहकाने की कोशिश न करें। सीमा मेरा जीवन है और उनके साथ हमने जीवन का लंबा अरसा बिताया है। औरत प्यार का सागर होती है। उसके प्यार को समझ पाना बड़ा मुश्किल है। तुम मीडिया वाले क्या जानो, प्यार क्या होता है।