हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन उर्फ चांद मोहम्मद का अपनी दूसरी पत्नी अनुराधा उर्फ फ़िज़ा से जिस तरह एकाएक मोहभंग हुआ है उससे साफ है कि अभी इस कहानी में क्लाइमेक्स बाकी है। अनुराधा चंद्रमोहन का अपने से एकाएक यूं दूर चले जाना पचा नहीं पा रही है।
भास्कर से बातचीत के दौरान अनुराधा ने दु:खी मन से कहा कि आप लोग देख ही रहे हैं कि मेरे साथ कितनी ज्यादती हुई है। यह बात अलग है कि उन्होंने चंद्रमोहन के खिलाफ सीधे कुछ कहने से परहेज किया। लेकिन इतना जरूर कहा ‘मैं ऐसे चुप बैठने वाली नहीं हूं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि मेरे साथ ऐसा क्यों हुआ?’
अनुराधा शाम को मोहाली में अपने आवास पर मीडिया से रूबरू हुईं तो भी संयत रहीं लेकिन उनके साथ खड़ी नीरू बाला ने चंद्रमोहन पर आशालीन शब्दों की बौछार कर दी। खुद को पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्रा बताने वाली नीरू बाला ने कहा ‘अगर चंद्रमोहन उनके सामने आएं तो वह उन्हें नहीं छोड़ेगी।
डिप्टी सीएम से ऐसी उम्मीद नहीं की जा सकती। यह तो अनुराधा हैं अब तक चंद्रमोहन को इज्जत दे रही हैं। नीरू बाला ने कहा कि उनका अनुराधा के साथ कोई रिश्ता नहीं है। वह अब तक मीडिया के जरिए अनुराधा और चंद्रमोहन के बारे में अखबारों में पढ़ती रही हैं। बोलीं,जो व्यक्ति पहली पत्नी के प्रति वफादार नहीं सिद्ध हुआ और न ही दूसरी के साथ तो वह किसके साथ वफादार होगा और कितने धर्म बदलेगा।
अनुराधा की मौजूदगी में जब नीरू चंद्रमोहन पर आरोपों की बौछार कर रही थीं तो अनुराधा खुद तो चुप रहीं लेकिन उन्होंने नीरू को चुप कराने की कोशिश नहीं की। नीरू की बात पर जब अनुराधा की प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
घर लौटने की तैयारी में चांद : उधर, चंद्रमोहन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिस तरह अनुराधा से शादी करने से पहले चंद्रमोहन ने स्वेच्छा से अपनी सारी जायदाद पहली पत्नी सीमा बिश्नोई और बेटे सिद्वार्थ के नाम कर दी थी, उसे देखकर शुरू से ही लग रहा था कि यह मामला ऐसा नहीं है जैसा दिखाई दे रहा है। ऐसा ही हो भी रहा है। चंद्रमोहन ने फिर से अपनी पहली पत्नी के पास जाने के लिए भूमिका तैयार कर ली है। चंद्रमोहन को अपनी पहली पत्नी सीमा बिश्नोई और बच्चों की याद सताने लगी है। अब किसी भी पल यह खबर आ सकती है कि वह अपनी पहली पत्नी सीमा के पास लौट गए हैं।
कब क्या-क्या हुआः चंद्रमोहन 28 अक्टूबर, 2008 से पंचकूला स्थित अपने घर व आफिस से गायब चल रहे थे। किसी को नहीं पता था कि वह कहां हैं ? उनके गायब होने के बारे में मीडिया में खबर आई तो चंद्रमोहन ने सेलफोन के जरिए खंडन किया। बताया कि वह धार्मिक यात्रा पर हैं और जल्द ही वापस आएंगे।
7 दिसंबर
चंद्र मोहन नई दिल्ली में इलेक्ट्रानिक मीडिया के सामने नजर आए। उनके साथ अनुराधा बाली भी थीं। उन्होंने बताया कि दोनों ने शादी कर ली है। अनुराधा ने कहा, चंद्र मोहन ने साबित कर दिया वह रीयल हीरो हैं। चंद्र मोहन बोले, मैं अनुराधा से दिल से प्यार करता हूं। मैने शादी का फैसला मरजी से किया है। मुझ पर इस फैसले के लिए किसी का दबाव नहीं था।
चली कुर्सी गई : इस खबर के आने के बाद चंद्रमोहन को 7 दिसंबर को ही हरियाणा के उपमुख्यमंत्री की कुर्सी से बर्खास्त कर दिया गया
9 दिसंबर
पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल ने अपने बड़े बेटे चंद्रमोहन को इस शादी के बाद अपने परिवार और संपत्ति से बदेखल कर दिया।
10 दिसंबर
चंद्रमोहन और अनुराधा चंडीगढ में प्रकट हुए। दोनों ने मीडिया के सामने साथ जीने मरने की कसमें खाई। चंद्रमोहन बोले, कांग्रेस ने मुझे निकाला तो अनुराधा चुनाव लड़ेंगी। यह भी कहा कि अगर उनकी पहली पत्नी सीमा बिश्नोई को हजकां टिकट देती है तो फिर मेरी जगह अनुराधा चुनाव में उतरेंगी।
22 दिसंबर
चंद्रमोहन बोले, वह अनुराधा को नए साल पर 200 पेज का लव लेटर देंगे।
18 जनवरी
यह खबर आई कि चंद्रमोहन और अनुराधा की लव स्टोरी पर फिल्म बनेगी
25 जनवरी
पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित यवनिका पार्क में चंद्रमोहन और अनुराधा ने सर्वधर्म सम्मेलन आयोजित कर प्रेम से रहने का संदेश दिया।
28 जनवरी
अनुराधा ने दोपहर को मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि चांद का अपहरण हो गया है। शाम को चांद मोहम्मद ने मीडिया से बातचीत में कहा, मै कोई बच्च नहीं जो मेरा अपहरण हो जाए।
29 जनवरी
अनुराधा ने नींद की बड़ी मात्रा में तनाव दूर करने वाली गोलियां खा लीं। अस्पताल में भर्ती कराई गईं। उधर, दिल्ली में नजर आए चंद्रमोहन ने अनुराधा का हालचाल लेना तो दूर बात करना भी गवारा नहीं समझा।
31 जनवरी
गुड़गांव में चंद्रमोहन बोले, मुझे अपनी पत्नी सीमा और बच्चों की याद आ रही है। मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं।
संबंधित खबरें
* बेनूर हुई फिजा और चांद पर लगा ग्रहण
*
* जब लव गुरू बने लालू
खिजां का डर बहार को, फिजा की आंख में पानी
* एक बार चंद्रमोहन सामने आएं तो छोडूंगी नहीं: नीरू
* सीमा से प्यार, दिल में फिज़ा
* कयामत तक करेंगे हम तेरा इंतजार: फिजा
* चंद्रमोहन की जानकारी नहीं : भजनलाल
* दौलत से नहीं, चांद से मोहब्बत की है : फिज़ा
* बेनूर हुई फिजा और चांद पर लगा ग्रहण
* खिजां का डर बहार को, फिजा की आंख में पानी
* मुझे अब भी चांद का इंतजार है: फिजा
* कमबख्त इश्क है ये
* चांद-फिजा: कहानी पूरी फिल्मी है
* चांद-फिजा की लव स्टोरी में ट्विस्ट
* सिल्वर स्क्रीन पर नजर आएगी चांद-फिजा की प्रेम कहानी