मेलबोर्न.
विवादों में घिरे रहने वाले सायमंड्स का विवाद अभी थमा भी नहीं था कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के माइकल क्लार्क अपने साथी खिलाड़ी साइमन कैटिच का गला पकड़ने के एक मामले में फंस गए हैं।
क्लार्क को अपनी मंगेतर से मिलने की जल्दबाजी थी और इस मामले पर उनकी कैटिच के साथ हुई गर्मागर्मी के बाद कंगारू उपकप्तान ने उनका गला पकड़ लिया। इसके बावजूद सीए ने अनुशासनहीनता के इस मामले से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह दो व्यक्तियों के बीच का मामला है और उन्हें ही यह मामला खत्म करके आगे बढ़ना होगा। ये घटनाएं हर परिवार में पर घटती हैं लेकिन परिवार के लोग ही इन्हें समाप्त कर ¨जदगी में आगे बढ़ते हैं।
सीए के प्रवक्ता पीटर यंग ने ‘द डेली टैलीग्राफ’ से कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिडनी टैस्ट के अंतिम दिन दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ हुआ था लेकिन इससे हमारा कोई ताल्लुक नहीं है।
ऑस्ट्रेलिया टैस्ट सीरीज 2-1 से हार गया था। कहा जा रहा है कि टैस्ट के बाद गाए जाने वाले गाने की लेकर दोनों में कहासुनी हुई। दरअसल क्लार्क गाने को जल्द समाप्त कर अपनी मंगेतर से मिलने जाना चाह रहे थे । इस मसले पर हुई थोड़ी कहासुनी के बाद क्लार्क ने कैटिच का गला पकड़ लिया था।