Vaama
Relationships Relationships
परीक्षा के दिन बच्चों के साथ मम्मी के लिए तनाव भरे होते हैं। इस दौरान बेहतर पढ़ाई के साथ बच्चों की लाइफस्टाइल और खान-पान का ध्यान रखना मम्मी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। ब्रेन फूड, चॉकलेट और संगीत की खुराक हर उम्र के बच्चों को तनाव के बीच तरोताजा रखती है। तो क्यों न इस बार इस खास फूड के साथ परीक्षा का तनाव कम कर लिया जाए। परीक्षा हॉल में पेपर सामने आते ही सब कुछ भूल जाने की स्थिति- आखिर ऐसा क्यों होता है? खासतौर पर बच्चे काफी तनाव में रहते हैं। उनकी याददाश्त जवाब देने लगती है और शाम को याद किया हुआ पाठ सुबह तक याद नहीं रह पाता।
दौड़भागभरी जिंदगी में काम का तनाव और व्यस्त दिनचर्या के चलते अकसर स्मरण शक्ति यानी ब्रेन पावर कम होने लगता है। ऐसा नहीं कि इस समस्या से निजात नहीं पाई जा सकती। खान-पान में थोड़े से बदलाव के साथ ही व्यवहार और दिनचर्या में कुछ परिवर्तन कर ब्रेन पावर को बढ़ाया जा सकता है। बाजार में भी कई ऐसी दवाएं मौजूद हैं जिन्हें ब्रेन पावर बढ़ाने के लिए बहुत ही कारगर माना जाता है। ये दवाएं फायदे की बजाय अकसर नुकसान ही पहुंचाती हैं इसलिए कुछ बातों का पालन कर नुकसान से बचा जा सकता है।
ऐसे स्टोर होती है मेमोरी
किसी चीज को याद रखने के लिए दिमाग की प्रक्रिया कुछ इस तरह है- दिमाग में न्यूरॉन होते हैं जो किसी मैसेज को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाते हैं। सिर का पिछला हिस्सा दिमाग की हार्ड डिस्क की तरह काम करता है। इसमें सभी बातें स्टोर रहती हैं। शोधों के अनुसार दिमाग उन्हीं बातों को याद रखता है जो देखने, सुनने में अच्छी होने के साथ ही उपयोगी हों। एक अन्य शोध के मुताबिक विजुअल्स को याद रखने मंे आसानी होती है। दिमाग उन्हीं बातों को याद रख पाता है जिनके बारे में वह केवल सतही तौर पर नहीं जानता बल्कि पूरी एकाग्रता के साथ उसे सोचता है।
खानपान रखें सही
परीक्षाओं के समय सबसे बड़ी समस्या मम्मी की ये होती है कि बच्चो को क्या खिलाएं। जो पौष्टिक होने के साथ उन्हें आलस्य से भी दूर रख सके। आहार विशेषज्ञ बताते हैं कि परीक्षा के दौरान बच्चों को नाश्ते में अनाज के साथ-साथ फल भी देना चाहिए, ताकि उनके दिमाग को सही मात्रा में ग्लूकोज मिल सके। गेहूं, चावल, सब्जी, ब्रेड, स्टफ्ड रोटी जैसे खाने के अलावा दूध, लस्सी,फलों का जूस देने चाहिए। इनमें विटामिन बी, सी, ई में बीटा केरोटीन और मैग्नेशियम होते हैं जो ब्रेन पावर को बढ़ाते हैं। विटामिन की गोलियों के बजाय हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, नट्स और साइट्रस वाले फल खाना ज्यादा बेहतर रहेगा।
ब्रेन फूड है जरूरी
ब्रेन पावर को बेहतर बनाने में मददगार होते हैं ब्रेन फूड। ओमेगा-३ फैटी एसिड से भरपूर आहार दिमाग के लिए अच्छी माना जाता है। मछली में भरपूर मात्रा में यह एसिड पाया जाता है, इसलिए इसे ब्रेन फूड भी कहा जाता है। फूड्स के जरिए जो शुगर ब्रेन सेल और अन्य सेल के जरिये शरीर में पहुंचती हैं उन्हें ग्लाइसेमिक इंडेक्स(जीआई) के जरिए मापा जाता है। कम जीआई वाले फूड ब्रेन के लिए अच्छे माने जाते हैं।
ऐसा हो आहार
कॉम्पलेक्स काबरेहाइड्रेट को ब्रेन के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। ये फूड आवश्यक तत्वों की कमी को पूरा करने के साथ ही उपयुक्त ऊर्जा भी प्रदान करते हैं। इनमें केला, चीज़, अंडे, ब्राउन राइस, चिकन, दूध, जौ का आटा, संतरा, फूलगोभी, सोयाबीन, आलू, पीनट्स, मक्खन, मटर, सालमन, दही आदि शामिल हैं। दूध, फलों, दालों और सब्जियों में कम जीआई होता है जो ब्रेन के लिए फायदेमंद है। ताजे फलों के जूस भी ब्रेन पावर को बढ़ाने में सहायक हैं। कोल्ड-ड्रिंक जैसे हाई शुगर ड्रिंक, कॉर्न सिरप, हाइड्रोजेनेटेड फैट, जंक शुगर, व्हाइट ब्रेड आदि बहुत हानिकारक होते हैं। कई शोधों से यह साबित हो गया है कि कृत्रिम रंग और फ्लेवर सेहत पर अच्छा असर नहीं डालते हैं। प्रतिदिन की हमारी दिनचर्या में थोड़ा-सा परिवर्तन ब्रेन पावर को बढ़ाने में सहायक हो सकता है।
सोचभरी नींद
रात को सोने से पहले किसी विषय पर चिंतन करें। सुबह जब उठेंगे तो पाएंगे कि जिस बात को आप सोने के पहले सोच रहे थे, उठने पर वही बात आपके सामने है। अक्सर रात में नींद खुल जाती है और मन में कोई विचार आता है तो उसे तुरंत कागज पर लिख लें। व्यायाम है जरूरी
प्रतिदिन 10 से 15 मिनट की एक्सरसाइज़ से ब्रेन पावर में 30 प्रतिशत तक की वृद्धि होती है। उदाहरण के लिए आप किसी बात को लेकर परेशान हैं तो वॉक करते समय उस पर विचार करें। वॉक करने से बढ़ा हुआ रक्त संचार आपको और बेहतर तरीके से सोचने में मदद करेगा।
बनाए रखें एकाग्रता
एकाग्रता भी ब्रेन पावर को बढ़ाने में मददगार है। जिब तक आपका दिमाग एकाग्रचित्त होकर उस काम के बारे में नहीं सोचेगा तब तक वह काम पूरा नहीं हो सकता। इसलिए पढ़ाई करने बैठें तो अपने दिमाग को एकाग्रचित्त कर लें। इसके लिए जब भी कोई काम शुरू करें तो अपने दिमाग से बाकी की सारी बातों को निकाल दें। साथ ही सभी कामों के लिए समय निर्धारित कर लें।
म्यूजिक और चॉकलेट
स्कॉटिश यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के अनुसार जो बच्चे रॉक या पॉप म्यूज़िक सुनते हैं वे परीक्षा के समय अच्छा परफार्मेस देते हैं। तो अगली बार बच्चों को पढ़ाई के बीच में ब्रेक लेकर संगीत सुनने के लिए मना मत कीजिए। अमेरिका में हुए एक शोध के मुताबिक मिल्क चॉकलेट खाने से ब्रेन पावर बढ़ता है। चॉकलेट में ब्रोमीन, कैफीन, फेनीथेलामिन जैसे कई तत्व पाए जाते हैं जो ब्रेन पावर को बढ़ाते हैं। बच्चों को एक्जाम की मीठी गुड लक भी विश करें तभी उनका प्रोत्साहन बढ़ा हुआ रह सकता है। आपके स्किलफुल उपायों से खुश होकर वे अच्छे से परीक्षा का सामना कर पाएंगे।