News
Indians Abroad Indians Abroad टोरंटो.
बॉलीवुड स्टाइल फिल्म की डीवीडी की बिक्री रोकने की कोशिश के चलते पूर्व स्टार और कैनेडा की सांसद रूबी ढल्ला आजकल विवादों में हैं। ढल्ला ने 2004 में सांसद चुने जाने से पहले इस फिल्म में काम किया था और 35 वर्षीय ढल्ला अब इस बात पर नाराज हैं कि फिल्म के पोस्टरों में उन्हें बिल्कुल पतले और पारदर्शी लिबास में दिखाया गया है। ‘टोरंटो सन’ अखबार के मुताबिक ढल्ला ने कहा है, ‘हमने फिल्म की कॉपी कभी नहीं देखी।
मेरा चेहरा अश्लील परिधान वाले बदल पर लगा दिया गया है।’ ‘क्यों किस लिए’ नाम की फिल्म 2003 में बनी थी और इसकी शूटिंग हैमिल्टन में हुई थी। यह फिल्म कैनेडा में बसे सुखिंदर ढिल्लों द्वारा बीमा की रकम हड़पने के लिए अपनी पत्नी को जहर देने पर आधारित है।
फिल्म में ढल्ला के फिल्म निर्माता और अभिनेता चरनजीत सीहरा के साथ कुछ गरमागरम सीन हैं। यह फिल्म पहले भी टोरंटो और भारत में दिखाई जा चुकी है। चरनजीत सीहरा का दावा है कि ढल्ला ने फिल्म के प्रदर्शन के बारे समझौते पर हस्ताक्षर किए थे और उन्हें एक लाख रुपए भी दिए गए। उन्होंने कहा कि रूबी ढल्ला पर फिल्मों में काम करने का जुनून था पर अब वह सांसद बन गई हैं तो नहीं चाहतीं कि फिल्म की डीवीडी रिलीज हो।
मिस इंडिया-कैनेडा रह चुकी हैं 1993 में मिस इंडिया कैनेडा रनर-अप रहीं ढल्ला ने कहा है कि उन्होंने समझौते पर दस्तखत नहीं किए, निर्माता दिखाए कि उन्होंने किस कागज पर दस्तखत किए थे। निर्माता ने कहा है कि कागज आग में जल गए थे।
ढल्ला ने कहा है कि वह डीवीडी की बिक्री रुकवाने के लिए कानूनी कार्रवाई भी करेंगे। भारतीय निर्माता और वितरक अवसरवादी हैं और उनके सियासी रुतबे का गलत फायदा उठाना चाहते हैं। मैक्सिम मैग्जीन ने ढल्ला को दुनिया की तीन सबसे सैक्सी महिला राजनीतिज्ञों की सूची में शामिल किया था।