Business
Personal Finance Personal Finance
शेयर बाजार (बीएसई सेंसेक्स) एक बार फिर दस हजार के आंकड़े को पार कर गया है। इससे निवेशकों में इसे लेकर उम्मीद बंधने लगी है। हालांकि निवेशक अब भी इसी उधेड़बुन में हैं कि वे शेयरों की खरीदी करें या जिन शेयरों की कीमत बढ़ गई है, उन्हें बेचकर मुनाफा वसूलें। ऐसे में ये टिप्स निवेशकों के लिए काफी मददगार हो सकती हैं।
हालात पर नजर रखें
शेयरों में खरीददारी जरूर करें, लेकिन सतर्कता के साथ। कौन-सा सेक्टर अभी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और भविष्य में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है, इस पर बराबर नजर बनाए रखें। उदाहरण के लिए रियल एस्टेट का प्रदर्शन बहुत ही लचर चल रहा है। ऐसे ही सेक्टरों से बचकर रहना होगा।
कैश बचाकर रखें
यह तो तय है कि आने वाले समय में शेयर बाजार फिर से ऊपर जाएगा, लेकिन अभी इसमें अपना पूरा पैसा लगाना समझदारी नहीं होगी। समय-समय पर जब भी बाजार नीचे आए, खरीददारी करते रहें। अतिरिक्त पैसा है तो उसे अन्य साधनों में निवेश करें।
एवरेजिंग करें
जिन लोगों ने काफी अर्से पहले उच्च कीमत पर शेयर खरीद लिए थे, उन्हें इस समय उसी कंपनी के और भी शेयर कम कीमत पर खरीदकर शेयरों की एवरेजिंग करनी चाहिए। ऐसा करने से उस कंपनी विशेष के कुल शेयरों की कीमत कम हो जाएगी और जब भी बाजार चढ़ेगा तो आप उन्हें बेचकर मुनाफा कमा सकेंगे।
दीर्घावधि का लक्ष्य रखें
शेयर बाजार के निवेशकों को यह बात हमेशा ध्यान में रखनी चाहिए कि यह जुआ नहीं है। इसमें ऐसा नहीं है कि चट पैसा लगाया और पट रिटर्न मिल जाएगा। ऐसा कई बार होता भी है, लेकिन हर बार होना जरूरी नहीं है। शेयर बाजार तभी फलता है, जब आप चार-पांच साल का लक्ष्य लेकर चलें।
मजबूत कंपनियों को पकड़ें
अगर आप डे ट्रेडर नहीं हैं तो कोशिश करें कि ब्लू चिप और बड़ी कंपनियों के शेयरों में ही पैसा लगाएं। ये कंपनियां विश्वसनीय होती हैं। हो सकता है इनके शेयर आपको महंगे मिलें और रिटर्न में भी एकदम से इतना जम्प नहीं मिले, जितना प्राय: छोटी कंपनियों के शेयरों में मिल सकता है, लेकिन इतना तय है कि इसमें लगा आपका मूल धन कहीं नहीं जाएगा।
क्या करें?
सतर्कता के साथ निवेश करें। सेक्टरों पर नजर बनाए रखें।
सारा पैसा अभी नहीं लगा दें। दूसरे साधनों में भी पैसा लगाएं।
निवेश दीर्घावधि के लक्ष्य के साथ ही करें।
अच्छी कंपनियों के सस्ते में उपलब्ध शेयरों को खरीदकर एवरेजिंग करें।
ब्लू चिप और बड़ी कंपनियों के ही शेयर खरीदने की कोशिश करें।