पीटर लिंच वॉल स्ट्रीट के स्टॉक इन्वेस्टर रहे हैं और वर्तमान में फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट में रिसर्च कन्सलटेंट हैं। बीटिंग द स्ट्रीट जैसी लोकप्रिय किताबों के लेखक लिंच को उनके निवेश मंत्रों के लिए भी जाना जाता है।
यहां पेश हैं उनके ऐसे ही चार मंत्र : मंत्र 1: केवल उसी में निवेश करें जिसके बारे में आप पहले से जानते हैं।
मतलब : लिंच के इसी मंत्र ने निवेशकों को स्टॉक और कंपनियों के बारे में अपनी जानकारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। लिंच का यह मंत्र कहता है कि किसी भी सेक्टर में निवेश करने से पहले उसका खूब जायजा लें और संबंधित वित्तीय रिपोर्ट्स खूब पढ़ें जो आमतौर पर एक निवेशक नहीं करता है।
मंत्र 2 : उस विचार में कभी भी निवेश करने का प्रयास नहीं करें जिसे आप क्रेयॉन से ड्रा नहीं कर सकते।
मतलब : जो विचार ही स्पष्ट नहीं है, उसमें भला निवेश करने का क्या फायदा। जिस बारे में आप पहले से कोई अनुमान नहीं लगा सकते, वैसा निवेश खतरनाक हो सकता है। एक अच्छा निवेशक बनने के लिए ऐसी प्रवृत्ति से बचना ही अच्छा रहेगा। मंत्र 3 : श्रेष्ठ स्टॉक वही है जिसे आप पहले ही खरीद चुके हैं। मतलब : यह बहुत ज्यादा डायवर्सीफाइड करने की प्रवृत्ति को हतोत्साहित करता है। इसका सीधा-सा मतलब यही है कि जिन शेयरों को आपने विवेकसम्मत ढंग से खरीदा है, उनमें विश्वास बनाए रखें। बहुत ज्यादा विचलित होने की जरूरत नहीं है। ऐसे ही स्टॉक भविष्य में रिटर्न देंगे।
मंत्र 4 : यदि आप स्टोर करना पसंद करते हैं तो संभावना यही है कि आप अपने स्टॉक से प्यार करने लगेंगे। मतलब : स्टॉक को लंबे समय तक बनाए रखें, यानी दीर्घकालीन लक्ष्य लेकर चलें। इससे बेहतर रिटर्न की संभावना बढ़ जाती है।