- यूसुफ पठान की कलम से
अभी तक अपने प्रदर्शन से हम संतुष्ट है। अपनी टीम के लिए कुछ करने में मुझे खुशी होती है तथा मेरे लिए यह प्रसन्नता की बात है कि टीम ने मुझ पर जो भरोसा किया उस पर मैं खरा उतरा।
इस टूर्नामेंट में मुझे काफी अच्छे अनुभव प्राप्त हुए। कप्तान शान वार्न ने मुझे जो अवसर प्रदान किए उनसे क्रिकेटर के रूप में मेरे आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। वार्न युवा खिलाड़ियों पर भरोसा करते हैं, व उनकी क्षमताओं व प्रतिभा का भली प्रकार इस्तेमाल करते हैं।
मुझे खुशी है कि कप्तान का मुझ पर ही नहीं बल्कि रवींद्र जड़ेजा जैसे अन्य युवा खिलाड़ियों पर भी पूरा भरोसा है व उनकी क्षमताओं का विकास कर रहे हैं। पिछले दो वर्षो के दौरान वार्न ने मैच के दौरान कठिन स्थितियों में युवा खिलाड़ियों को परफॉर्म करने का मौका दिया जिससे हम सभी का खेल निखरा। मैं समझता हूं कि आईपीएल में दो वषों के दौरान मैंने काफी अच्छा खेला है।
विभिन्न देशों के विभिन्न खिलाड़ियों से विभिन्न परिस्थितियों में खेल कर हम बहुत सी नई बाते सीखते हैं। वार्न के अलावा ग्रीम स्मिथ के साथ खेलना भी एक बहुत बढ़िया अनुभव है। एक समय जब सब लोग सोच रहे थे कि गेम में हमारी संभावनाएं धूमिल हो गई हैं तो स्मिथ ने मेरा उत्साह बढ़ाया। स्मिथ को भरोसा था कि हम मैच जीत सकते है, यद्यपि हमारी स्थिति काफी कमजोर थी।
जब विश्व के सर्वश्रेष्ठ ओपनर आपका उत्साह बढ़ाए तो आपके अंदर शानदार प्रदर्शन करने का विश्वास आ जाता है। बैटिंग में मुझे जो भूमिका प्रदान की गई उसका मैंने भरपूर आनंद उठाया व मुझे भरोसा है कि इस बार भी हम अपने पिछले साल के प्रदर्शन को दोहरा सकते हैं। हमें अपनी क्षमताओं पर व कप्तान को हम पर भरोसा है, जिसका अर्थ है कि हमने आधी लड़ाई तो जीत ली है।