लखनऊ. समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव इनदिनों मुसीबत में फंस गए हैं। यह मुसीबत उनके चेहते आजम खान और पार्टी के महासचिव अमर सिंह के बीच बढ़ते विवाद के कारण पैदा हुई है। मुलायम सिंह को अब इन दोनों में से किसी एक को चुनना है।
राजनीतिक गलियारों में तो यह हलचल है कि अमर सिंह चुनाव के बाद सपा छोड़ सकते हैं। रामपुर की सीट पर जयाप्रदा के लिए प्रचार करने पहुचे अमर सिंह ने भी इस बात के संकेत दे दिए हैं। जबकि मुलायम सिंह ने उन्हें रामपुर जाने के लिए मना किया था। पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमर सिंह ने संकेत दिया कि वे 13 मई के बाद देखेंगे कि सपा में रहना है या नहीं।
अमर सिंह ने आज रामपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आजम पर फिर निशाना साधा। श्री सिंह ने कहा कि आजम खान लगातार उनके खिलाफ बयानबाजी कर उन्हें तकलीफ पहुंचा रहे हैं। अमर सिंह ने कहा कि आजम खान मुलायम सिंह के चेहते हैं और आजम के द्वारा मेरे खिलाफ दिए जा रहे बयानों के बावजूद मुझे शांत रहने को कहा गया है। अमर सिंह ने मुलायम सिंह पर भी निशाना साधा और कहा कि अब आर-पार की लड़ाई का वक्त आ गया है।