नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव का पांचवां और अंतिम दौर बुधवार को नौ प्रदेशों की 86 सीटों पर मतदान के साथ पूरा हो गया। कुछेक जगहों पर हिंसा के बीच मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। कड़वाहट और तीखे आरोप-प्रत्यारोप से भरे चुनाव प्रचार के बाद निगाहें 16 मई को होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं।
वहीं राजनीतिक दलों में जोड़तोड़ और तालमेल बिठाने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया गया है। चुनाव प्रचार के लिए पूरा देश नापने वाले नेता अब राजनीतिकजोड़तोड़ में जुट गए हैं। 16 अप्रैल से शुरू हुए मतदान के पांच चरणों में 543 सीटों पर वोट डाले गए। कुल 545 सदस्यों के सदन में एंग्लो-इंडियन समुदाय के दो सदस्यों को नामजद किया जाएगा।
आखिरी दौर के दिग्गज
अंतिम चरण में कांग्रेस के पी चिदंबरम, मणिशंकर अय्यर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, भाजपा से मेनका गांधी, वरुण गांधी, मुख्तार अब्बास नकवी, विनोद खन्ना, नवजोत सिंह सिद्धू, डीएमके के टीआर बालू, ए राजा, दयानिधि मारन, एमडीएमके के वाइको, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और सपा की जयाप्रदा चुनाव मैदान में हैं।