नई दिल्ली.
लोकसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण के बाद ‘दैनिक भास्कर/सीएनएन-आईबीएन’ ने चुनाव बाद सर्वेक्षण (एक्जिट पोल) के नतीजे बुधवार को जारी किए। इसके अनुसार, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) इस बार भी सबसे बड़ा गठबंधन बनकर उभर सकता है, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) भी बहुत पीछे नहीं रहेगा। तीसरे मोर्चे को 100 से अधिक सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
सर्वेक्षण में 29 राज्यों की 536 संसदीय सीटों के 59,650 मतदाताओं से बातचीत की गई। सर्वेक्षण में कांग्रेस और सहयोगी दलों को 185 से 205 सीटें दी गई हैं। भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 165 से 185 के बीच सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। यानी दोनों में से कोई भी गठबंधन अपने बूते पर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है।
तीसरे मोर्चे को 110 से 130 सीटें मिलने का अनुमान है। समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और लोक जनशक्ति पार्टी को मिलाकर बने गठबंधन को 25 से 35 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। सर्वेक्षण के अनुसार, कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आ रही है। इसे 145 से 160 सीटें मिलने की संभावना है।
135 से 150 सीटों के साथ भारतीय जनता पार्टी दूसरे नंबर पर रहेगी। सर्वेक्षण में तीसरे मोर्चे में शामिल वामदलों को नुकसान होता दिख रहा है। पिछले चुनाव में माकपा को 43 और भाकपा को 10 सीटें मिली थीं, लेकिन इस बार वामदलों को कुल मिलाकर 30 से 40 सीटें मिलने की संभावना है।
फिर भी तीसरे मोर्चे को फायदे में माना जा सकता है। समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और लोक जनशक्ति पार्टी के मोर्चे को केवल 25 से 35 सीटें मिल रही हैं, जबकि पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी को अकेले उत्तरप्रदेश में 36 सीटें मिली थीं। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल को 24 और लोक जनशक्ति पार्टी को चार सीटें मिली थीं।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को इस चुनाव में फायदा होता नजर आ रहा है। बसपा को 25 से 35 सीटें मिलने की संभावना है। पिछले चुनाव में बसपा को 19 सीटें मिली थीं।
अन्य टीवी चैनलों के सर्वेक्षण नतीजे :
विभिन्न टीवी चैनलों ने भी बुधवार को अपने-अपने एक्जिट पोल के परिणाम जारी किए। इनमें यूपीए को एनडीए पर मामूली बढ़त पर बताया गया है। तीसरे मोर्चे को 100 से ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है।
एक्जिट पोल से यह साफ झलकता है कि 15वीं लोकसभा में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा। एक्जिट पोल में यूपीए गठबंधन को 190 से ज्यादा और एनडीए को 180 से 194 के आसपास सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है।
एग्जिट पोल से यूएसए में झटका
भारत में एग्जिट पोल की घोषणा के बाद अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंजों में भारतीय कंपनियों द्वारा जारी अमेरिकी डिपॉजिटरी शेयरों में 4 से 7 फीसदी गिरावट रही। न्यूयॉर्क एक्स. में आईसीआईसीआई व एचडीएफसी बैंक के शेयरों में क्रमश: 3.2, 1.7 फीसदी गिरावट देखी गई। नास्डाक में इंफोसिस के शेयर 1.6 फीसदी नीचे आ गए।
नेताओं ने खारिज किया एग्जिट पोल
कांग्रेस प्रवक्ता राजीव शुक्ला ने कहा, यूपीए 272 के आंकड़े को नहीं छू पाता है तो भी सहयोगियों के साथ सरकार बनाने की स्थिति में होगा। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा, भाजपा सबसे बड़ा दल और एनडीए सबसे बड़ा गठबंधन होगा। माकपा नेता नीलोत्पल बसु ने कहा, मतदाता सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हैं। इस वजह से सर्वेक्षणों पर यकीन मुश्किल है।