बेटे की करतूत, मां की हुई हत्या
Elections 2009 Divya Bhaskar Business Bhaskar Indiainfo DNA 3Dsyndication MyFM Mera Mobi


बेटे की करतूत, मां की हुई हत्या

जांजगीर. पड़ोसी युवक द्वारा बेटी को भगाकर ले जाने से नाराज व्यक्ति ने युवक की मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।

घटना नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चारभाठा, केरा की है। पुलिस के अनुसार शांतिबाई पति प्यारेलाल कहरा के पुत्र राजेश का पड़ोसी की पुत्री से प्रेम संबंध था। तीन माह पहले वह प्रेमिका को भगाकर जम्मू-कश्मीर ले गया। इसकी जानकारी मिलने पर बंशी दो-तीन बार बेटी को लेने जम्मू-कश्मीर भी गया था, पर वे वापस नहीं लौटे। इससे बंशी काफी नाराज था।

उसने गांव में रह रही राजेश की मां से बदला लेने की ठान ली। मंगलवार की शाम शांतिबाई कुछ अन्य लोगांे के साथ ईंट भट्ठे में काम करने पास के गांव नगारीडीह गई थी। वहां उसके साथ एक युवती बूटन कुमारी भी थी। वे शाम ७ बजे गांव वापस लौट रहे थे। वे गांव के खार के पास पहुंचे ही थे कि डंडा लेकर खड़े बंशी ने उन्हें रोका। उसने बूटन को घर जाने के लिए कहा।

इससे वह डरे-सहमे घर लौट गई। इसके बाद बंशी ने शांति पर डंडे से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद उसने महिला की लाश को खेत में दबा दिया। इधर, भागकर पहुंची बूटन ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इस पर पड़ोसी मनहरण लाल कहरा, कोटवार समेत ग्रामीण वहां पहुंचे, तो महिला की लाश खेत की मेड़ के नीचे दबी थी।

ऊपर केवल उसका हाथ और कपड़ा दिखाई दे रहा था। रात अधिक होने की वजह से लोगों की थाना जाने की हिम्मत नहीं हुई, बुधवार सुबह उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर नवागढ़ थाना प्रभारी श्री सेन एवं शिवरीनारायण थाना प्रभारी राजेंद्र शुक्ला सदल मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी के घर पर भी दबिश दी, पर वहां से केवल खून से सना हुआ डंडा मिला। आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भागने पर नहीं थी आपत्ति!

पुत्री के घर छोड़कर जाने के बाद शुरुआत में बंशी काफी नाराज था। वह उसे लेने के लिए दो-तीन बार जम्मू भी गया था। पर वहां बेटी को खुश देखकर पिछले महीने उसने थाने में लिखकर दिया था कि पुत्री के भागने पर उसे कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद अचानक उसका गुस्सा कैसे जाग गया, यह बात सामने नहीं आई है। शिवरीनारायण थाना प्रभारी राजेंद्र शुक्ला का कहना है कि संभव है कि कोई बात अचानक उसके मन में घर कर गई हो, जिससे आवेश में आकर उसने हत्या कर दी हो। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है।



   Bookmark and Share



अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: