नई दिल्ली. समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल के साथ मिलकर चौथा मोर्चा बनाने वाले लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख रामविलास पासवान ने कहा है कि उनका गठबंधन किसी भी स्थिति में भाजपा नीत एनडीए को सत्ता में नहीं आने देगा। उन्होंने कहा चुनाव में यूपीए अगर बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े तक नहीं पहुंचा तो वैकल्पिक धर्मनिरपेक्ष गठबंधन को समर्थन दिया जा सकता है। इस बारे में कोई भी फैसला चौथे मोर्चे के घटक दल मिलकर लेंगे।
पासवान ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा चुनाव नतीजे आने के बाद हम एकसाथ बैठकर आगामी रणनीति तय करेंगे। वर्तमान और भविष्य के बारे में उन्होंने कहा कि वर्तमान यह है कि मैं और लालूजी यूपीए के साथ हैं। सपा यूपीए का हिस्सा नहीं है, लेकिन इसे बाहर से समर्थन दे रही है। भविष्य में क्या होगा यह बाद में ही पता चलेगा, लेकिन यह तय है कि चौथा मोर्चा किसी भी हालत में एनडीए को समर्थन नहीं देगा।
बसपा प्रमुख मायावती के यूपीए को समर्थन देने केबाद की रणनीति पर पासवान ने कहा ‘क्या मुलायम बसपा के साथ जाएंगे? जब वे नहीं जाएंगे तो मेरे वहां रहने का सवाल ही कहां है?’