नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस क्षेत्र में ऑटो में दो महिलाओं के जिंदा जलने के मामले में नया खुलासा हुआ है। ऑटो से निकलकर भागी तीसरी महिला पूजा ने पुलिस को बताया कि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर ऑटो में आग लगाई थी। फिलहाल ऑटो चालक और मालिक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
इससे पूर्व खबर मिली थी कि बुधवार रात ऑटो रिक्शा में आग लग जाने से दो महिलाओं की मौके पर ही जलकर मौत हो गई थी। अग्निशमन विभाग के सूत्रों के अनुसार यह घटना रात करीब 1 बजे की है और ऑटो में सीएनजी गैस लीक होने या फिर सिलेंडर के फटने से आग लगी थी।
आग लगने के चंद मिनटों में ही उसमें सवार दोनों महिला सवार गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों महिलाओं को तुरंत राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। दोनों महिलाएं विवाहित थीं इनमें से एक का नाम निशा है। उनके पति कमलेश और इस्माइल घटनास्थल पर पहुंच गए थे।