नई दिल्ली. स्वाइन फ्लू का भारत में हालांकि कोई भी पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन बीमारी की रोकथाम के लिए अब तक करोड़ों रुपए खर्च हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए करीब २क्क् करोड़ रुपए का विशेष बजट तैयार किया है।
केंद्रीय संयुक्त स्वास्थ्य सचिव व स्वाइन फ्लू रोकथाम कार्यक्रम के प्रभारी विनीत चौधरी ने ‘भास्कर’ को बताया कि बजट में दवाइयों पर करीब 40 करोड़ रुपए और जन जागरुकता अभियान पर करीब 100 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना है। चौधरी ने बताया कि बजट में 90 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है।
चौधरी का कहना है कि चूंकि स्वाइन फ्लू के अभी कदम नहीं पड़े हैं, ऐसे में रोकथाम से ज्यादा जरूरी लोगों को जागरुक करना है। देश में अभी तक लगभग 35 हजार से भी अधिक हवाई यात्रियों का चेकअप किया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बीमारी की रोकथाम के लिए प्रतिदिन लाखों का खर्च आ रहा है।