News
Indians Abroad Indians Abroad नई दिल्ली। इन आम चुनावों में यूपीए की जबरदस्त जीत से खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीयों में भी जश्न का माहौल है। यहां के अप्रवासी भारतीयों का मानना है कि यह युवाओं की जीत है जो राहुल गांधी जैसे युवा नेताओं की वजह से संभव हुई है।
एक प्रमुख कारोबारी और सामुदायिक नेता राम बक्शानी के मुताबिक इन चुनावों में भारत का मतदाता युवा जोश से भरपूर राहुल गांधी जैसे नेताओं से काफी प्रभावित था और उसने कांग्रेस को पूरा समर्थन इसलिए दिया ताकि यह अपने दम पर सरकार बना सके और उसे कम से कम लेफ्ट का समर्थन न लेना पड़े।
वहीं प्रवासी बंधु वेलफेयर ट्रस्ट के चेयरमेन केवी शमसुद्दीन ने कहा कि इन चुनावी नतीजों ने यह पुख्ता कर दिया है कि यूपीए ही देश के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को अक्षुण्ण रखते हुए आर्थिक महाशक्ति के तौर पर इसे आगे ले जा सकता है। उन्होंने कहा, नई सरकार को सीमा पार रहने वाले तकरीबन ढाई करोड़ आप्रवासी भारतीयों द्वारा भेजे गए धन का कुछ हिस्सा राष्ट्रीय अधोढांचे के विकास में करना चाहिए।
गौरतलब है कि खाड़ी क्षेत्रों में ज्यादातर कार्यालय शनिवार को बंद रहते हैं। लिहाजा अधिकांश नौकरीपेशा लोग ताजा चुनावी रुझान और नतीजे जानने के लिए दिनभर टीवी से चिपके रहे।