मुंबई. शेयर बाजार में आज खुलते ही जो थोड़ी नरमी देखने को मिली थी तो वह अब गरमी में बदल गई है। बाजार में कल की जोरदार तेजी के बाद आज सुबह मुनाफावसूली देखने को मिल रही थी।
जानकारों का कहना है कि बाजार में आगे तेजी ही बनी रहेगी। ऐसे में निवेशकों को थोड़ा धर्य रखना चाहिए। सुबह की नरमी खासतौर से मुनाफावसूली के कारण आई थी। जो निवेशक पिछले कई महीनों से बाजार में फंसे हुए थे, वे फिलहाल कुछ कमा कर बाहर निकला चाह रहे हैं। लेकिन कुछ ऐसे निवेशक भी हैं जो बाजार में तेजी देख रहे हैं, जिसके कारण कुछ नई लेवाली भी देखी जा रही है।
सुबह 11.12 बजे सेंसेक्स 151.49 अंक बढ़कर 14435.70 प्वाइंट और निफ्टी 13.20 प्वाइंट की गरमी के साथ 436.35 प्वाइंट पर आ गया है। जबकि सुबह दस बजे सेंसेक्स 430 प्वाइंट गिरकर 13853 प्वाइंट पर काम कर रहा था। निफ्टी 151 प्वाइंट गिरकर 4172 प्वाइंट पर कारोबार करता दिखा।
सोमवार को बीएसई का सेंसेक्स अपने 133 वर्ष के इतिहास की सबसे बड़ी एक दिनी उछाल के साथ बंद हुआ था। चंद सेकंडों की ट्रेडिंग के बाद ही वह 2,110.79 अंक उछल गया, जिसके चलते 14,284.21 के स्तर पर उसका कारोबार रोक दिया गया। एनएसई निफ्टी में भी अभूतपूर्व 651.50 का उछाल दर्ज हुआ और उसका कारोबार भी 4,323.15 के स्तर पर बंद करना पड़ा। ऐसा पहली बार है जब बीएसई और एनएसई के शुरुआती कारोबार में अभूतपूर्व उछाल दर्ज होने के कारण दिनभर के लिए कारोबार स्थगित करना पड़ा।