मुंबई. फिल्म ‘स्लमडॉग मिलिनियर’ के बाल कलाकार मोहम्मद अजहरुद्दीन इस्माइल (10) की ‘अवैध’ झुग्गी तोड़े जाने के तीन दिन के भीतर ही उसके परिजनों ने उसी जगह पर एक नई झुग्गी बना ली है।
महानगर पालिका के एक दस्ते ने पिछले हफ्ते शुक्रवार को बांद्रा (पूर्व) में स्थित गरीबनगर की कुछ झुग्गियों को तोड़ दिया था। दस्ते का कहना था कि लोगों ने झुग्गियों का विस्तार कर लिया है, जिससे बगल का नाला अवरुद्ध हो रहा है। हालांकि दस्ते ने जो झुग्गियां गिराई थीं, वो रविवार दोपहर तक अपनी जगह पर फिर खड़ी हो र्गई। अजहर को उसके झुग्गीनुमा मकान में आराम करते और उसकी मां को खाना बनाते हुए देखा जा सकता था।
इलाके में रहने वाले लोगों ने बताया कि दस्ते के अधिकारियों ने तोड़फोड़ की कार्रवाई के बाद उस जगह पर देखरेख के लिए किसी को भी तैनात नहीं किया। इलाके के रहवासी रामदास गायकवाड़ ने कहा, ‘तोड़फोड़ की कार्रवाई खत्म होने के दो घंटों बाद ही हमने अपने घर दोबारा बनाना शुरू कर दिए थे।’