चंडीगढ़
बच्चों की शरारत कभी-कभी जानलेवा भी बन जाती है। गांव हल्लोमाजरा में ऐसा ही हुआ। तीन बच्चों ने बीड़ी पीने की कवायद की, जिसमें एक बच्चे के दिमाग को धुआं चढ़ गया और उसकी मौत हो गई।
हल्लोमाजरा निवासी 10 वर्षीय सागर और शिवम अपने एक दोस्त के घर पर रविवार दोपहर खेल रहे थे। तभी उनका ११ वर्षीय दोस्त एक जली हुई बीड़ी लेकर आया। उसके कहने पर सागर ने बीड़ी का तेज कश लगाया। कश लगाते ही सागर गश खाकर गिर गया।
शिवम ने सागर के बेहोश होने की जानकारी उसके परिजनों को दी। परिजन सागर को तुरंत सेक्टर-३२ के सरकारी अस्पताल में ले गए। पूरी रात उसका इलाज हुआ, लेकिन उसे होश नहीं आया। धुआं उसके दिमाग पर चढ़ चुका था। सोमवार सुबह सागर ने दम तोड़ दिया।
सागर के पिता दिलबाग सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सागर के ११ वर्षीय दोस्त ने गलत काम करने की नीयत से बीड़ी में नशीला पदार्थ मिला दिया था। पुलिस ने आरोपी बच्चे पर गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सागर के दूसरे साथी शिवम को एफआईआर में गवाह बनाया गया है।