नई दिल्ली. देश में मौसम अजब रंग दिखा रहा है। जहां आमतौर पर ठंडा रहने वाले हिमाचल में कुछ स्थानों का तापमान 45 डिग्री को पार कर रहा है, वहीं मध्यप्रदेश व राजस्थान में बेमौसम बारिश से कई स्थानों में पारा गिरा है। उत्तरप्रदेश में भी तापमान में गिरावट जारी है। उत्तर भारत के पंजाब और हरियाणा में तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। गुजरात के अहमदाबाद में सोमवार को लू के कारण एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है।
पहाड़ी प्रदेश में गर्मी
हिमाचल के बद्दी में अधिकतम तापमान 47 और नालागढ़ में 46 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। ऊना में भी पारा 42 डिग्री को पार कर रहा है। राजधानी शिमला में सोमवार को तापमान 28.8 डिग्री पर पहुंच गया। मई माह में पिछले तीन साल में यह सर्वाधिक है।
उप्र में राहत
झांसी को यदि छोड़ दें तो बेहद गर्म रहने वाले उत्तरप्रदेश में तापमान 40 डिग्री के आसपास ही चल रहा है। झांसी का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री रिकार्ड हुआ जबकि राजधानी लखनऊ व वाराणसी(40), गोरखपुर (38.4) और इलाहाबाद (40.9 डिग्री) में बादलों के कारण राहत रही।
गुजरात
राज्य में सर्वाधिक तापमान अहमदाबाद (42.2 डिग्री) दर्ज हुआ। यहां सोमवार को एक व्यक्ति की लू के कारण मौत हो गई। सौराष्ट्र सहित राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री से नीचे रहा। शाम को दक्षिण गुजरात के डांग जिले के कुछ हिस्सों में हल्की से तेज बारिश की खबर है।
राजस्थान
राज्य के कुछ स्थानों में जहां आंधी के साथ बारिश हुई तो कुछ स्थानों में गर्मी ने कहर बरपाया। राज्य में बारिश के चलते विभिन्न हादसों में जहां दो लोगों की मौत हुई है, वहीं गर्मी के कारण एक व्यक्ति को जान गंवानी पड़ी है। अजमेर, झालावड़ और जयपुर में बारिश हुई। राज्य का सर्वाधिक तापमान श्रीगंगानगर में 47.7 डिग्री दर्ज हुआ। चूरू में तापमान 47.5, अलवर में 47, बीकानेर में 46.5, धौलपुर में 46 तथा राजधानी जयपुर में 45 डिग्री रहा।
पंजाब-हरियाणा
हरियाणा के हिसार में तापमान 46.7 और भिवानी में 44.4 डिग्री रहा। पंजाब के लुधियाना में तापमान 43.4 डिग्री पर रहा। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कुछ दिनों की राहत के बाद गर्मी असर दिखा रही है। यहां सोमवार को तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया।
मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़
मप्र के मालवा अंचल में धूल भरी आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। सोमवार को धार, खंडवा और बुरहानपुर में बारिश हुई। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान ग्वालियर में 44.4 डिग्री रहा। राजधानी भोपाल में तापमान 42.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तापमान 44 डिग्री और राजधानी रायपुर में 42.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।