‘गुलाल’ के कलाकार राज सिंह चौधरी को इन दिनों फोन पर एक जमीन को लेकर धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह खासे परेशान बताए जा रहे हैं।
अनुराग कश्यप की हालिया फिल्म ‘गुलाल’ में राजनीति से जुड़ा किरदार निभाकर सुर्खियों में आए राज सिंह चौधरी आजकल जरा परेशान हैं। भई, परेशान होने की वाजिब वजह भी है। रील लाइफ में लोगों को धमकाने के बाद रीयल लाइफ में वह खुद धमकियों का शिकार हो रहे हैं। राज ने कुछ वर्ष पहले मडआयलैंड, मुंबई में एक प्लॉट खरीदा था। अब इसी को लेकर वह उलझ गए हैं।
उनका कहना है कि इस प्लॉट को खाली करने के लिए उनपर दबाव बनाया जा रहा है। राज का कहना है कि उन्होंने इस बारे में पुलिस को जानकारी दे दी है। खास बात यह है कि जब राज ने जमीन के इस टुकड़े की रजिस्ट्री करवानी चाही तो मामला अधूरे कागजात पर आकर अटक गया। उन्होंने इस संबंध में जमीन के पुराने मालिक से भी बात की है, लेकिन पैसा देने के तीन महीने बाद भी वह इंतजार ही कर रहे हैं।
इस मामले पर राज अब कुछ अलग रणनीति अपनाने जा रहे हैं। उनका कहना है ‘जब से रजिस्ट्री का मामला खटाई में पड़ा है, तब से मैं काफी परेशान हो गया हूं। दिन-प्रति-दिन बढ़ रहे धमकी भरे फोन ने मेरी परेशानी बढ़ाई ही है। अब अगर एक महीने के अंदर मामला नहीं निपटता है तो मैं एफआईआर दर्ज कर कानून से मदद की गुहार करूंगा।’