करनाल. कर्ण लेक के समीप स्थित ओएसिस पर्यटन केंद्र पर दो बाइक पर सवार युवकों ने जमकर तोड़फोड़ की। नशे में धुत्त युवकों ने लाठियों से हमला कर पांच कर्मचारियों को घायल कर दिया। जिन्हें करनाल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। तोड़फोड़ के विरोध में बुधवार को पर्यटन स्थल के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। कर्मचारियों का दावा है कि एक हमलावर की पहचान कर ली गई है। जिसको लेकर पुलिस को सूचित किया गया है। कर्मचारी कश्मीर सिंह की शिकायत पर झिंझाड़ी निवासी शेखर के खिलाफ धारा 323, 332, 353, 329 व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
अस्पताल में भर्ती सहायक कुक कश्मीर सिंह, चौकीदार रामशरण, बार हेल्पर प्रेम चंद, बारमैन ओमप्रकाश, हेल्पर राजेंद्र सिंह ने बताया कि वे मंगलवार रात को डयूटी पर थे। तभी दो बाइक पर सवार चार युवक बार में शराब पीने आए। करीब साढ़े दस बजे जब वे बार से निकले तो महिला टॉयलेट में घुस गए। कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो नशे में धुत्त युवकों ने तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान युवकों ने पार्किग स्थल के समीप शीशे चकनाचूर कर दिए।
जब युवकों को रोकने का प्रयास किया तो चौकीदार की लाठी छीनकर उन्होंने कर्मचारियों को बारी-बारी से पीटा। इस दौरान पर्यटकों में हड़कंप मच गया। हर किसी ने वहां से भागकर जान बचाई। इस बीच पर्यटन केंद्र के कर्मचारियों ने सौ नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पीसीआर मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। कर्मचारियों का कहना है कि हमलावरों में झंझाड़ी निवासी एक युवक की पहचान कर ली गई है। जिसका नाम सदर पुलिस को बताया गया है। इस संदर्भ में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश आरंभ कर दी है।