News
Himachal Pradesh
Baki Himachal Baki Himachal चंडीगढ़. मॉडल जेल बुडैल में कैदियों को सुविधाएं मुहैया कराने के एवज में चल रही रिश्वतखोरी का खुलासा करते हुए सीबीआई टीम ने एक जेल वार्डन को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया वार्डन एक कैदी को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उसके चचेरे भाई से पांच हजार रुपए की रिश्वत ले रहा था।
सीबीआई को जेल में बंद जसविंदर सिंह रॉकी के चचेरे भाई जसबीर ने इस संबंध में शिकायत दी थी। रॉकी गैंगस्टर प्रभजिंदर सिंह डिंपी की हत्या के आरोप में बुडैल जेल में बंद है। सूत्रों के मुताबिक रॉकी जेल से अपने साथियों को संदेश भेजने और जेल में अन्य तमाम सुविधाएं पहुंचाने के लिए जेल स्टाफ को पैसे देता था। रॉकी ने कई बार वार्डन सतीश के जरिए अपने साथियों को संदेश भिजवाए थे। लेकिन इस बीच सतीश की रुपये की मांग बढ़ती जा रही थी। इससे रॉकी ने सतीश से संपर्क तोड़ दिया।
कुछ दिन बाद खुद ही सतीश ने फोन पर रॉकी के चचेरे भाई जसवीर से संपर्क किया और पांच हजार रुपये की मांग की। सतीश ने कहा कि इसके एवज में रॉकी को जेल में सहूलियतें मुहैया करा दी जाएंगी। लेकिन पैसे नहीं दिए गए तो रॉकी को जेल में तमाम मुश्किलें झेलनी पड़ेंगी। जसवीर ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी।
सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने पहले पैसों की मांग संबंधी सतीश की बातचीत फोन पर रिकॉर्ड की और फिर ट्रैप लगाया। सतीश ने रात डेढ़ बजे जसबीर को डड्डूमाजरा कॉलोनी स्थित अपने घर पर पैसे देने के लिए बुलाया। जसबीर ने वहां पहुंच कर जैसे ही सतीश को पैसे दिए, वहां छिपे सीबीआई के कर्मचारियों ने सतीश को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को सतीश को सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। सीबीआई ने कोर्ट से सतीश को रिमांड पर देने की मांग की। सीबीआई ने तर्क दिया कि अकेला सतीश किसी को जेल में सुविधाएं नहीं मुहैया करा सकता। इसमें जेल अधिकारियों की मिलीभगत भी हो सकती है। इसलिए सतीश से पूछताछ की जरूरत है।