मार्बल व्यवसायी का अपहरण कर हत्या
Elections 2009 Divya Bhaskar Business Bhaskar Indiainfo DNA 3Dsyndication MyFM Mera Mobi


मार्बल व्यवसायी का अपहरण कर हत्या

जयपुर गांधीनगर इलाके के एक अपार्टमेंट से बुधवार सुबह सात-आठ युवकों ने मार्बल व्यवसायी का अपहरण कर लिया। बाद में उसकी हत्या कर मुहाना इलाके में डाल कर फरार हो गए। पुलिस को व्यवसायी की लाश मुहाना इलाके में नेवटा गांव से आगे सड़क से तीन मीटर अंदर पड़ी हुई मिली। व्यवसायी मंगलवार रात को गांधीनगर में राजेन्द्र मार्ग स्थित श्याम हैवन पैराडाइज अपार्टमेंट में रहने वाली महिला रीटा के पास आया था।

इस महिला को सहायक आबकारी अधिकारी ने कुछ दिनों पहले ही अपार्टमेंट में फ्लैट किराए पर दिलाया था। मार्बल व्यवसायी के अपहरण के बाद महिला भी अपने बच्चों को लेकर फरार हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि अपहरण करने वाले युवक सहायक आबकारी अधिकारी खुशीराम मीणा के साथ आए थे। देर रात तक मृतक के परिजन गांधी नगर थाने में थे, लेकिन मामला दर्ज नहीं हो सका था।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान झुंझनूं में खेतड़ी के पास स्थित दलेलपुरा निवासी पूरण मीणा (25) के रूप में हुई है। उसकी दुर्गापुरा के पास मार्बल की दुकान है। व्यवसाय के साथ ही वह भारतीय प्रशासनिक सेवा की तैयारी भी कर रहा था। फरार महिला टोंक देवली की रहने वाली है।

सुबह करीब छह बजे सहायक आबकारी अधिकारी खुशीराम अपने साथियों के साथ अपार्टमेंट में आया और चौकीदार से पूरण के बारे में पूछा कि वह रात को आया था क्या। इसके बाद वह सीधा महिला के फ्लैट में गया तथा पूरण मीणा के साथ मारपीट करता हुआ नीचे ले आया और जीप में डालकर ले गया। पूरण को ले जाने के करीब दस मिनट बाद महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर कहीं चली गई। जिसके बारे में पता नहीं चल सका है।

मृतक पूरण भी महिला के पास आता था। रात को करीब दस बजे कार से महिला व पूरण अपार्टमेंट में आए थे।

चेहरा बुरी तरह से नोंचा हुआ था:

पूरण मीणा के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे। उसका चेहरा बुरी तरह से नोंचा हुआ था। पांवों में गर्म सरिये के गोदने के निशान थे। गुप्तांग पर चोट के निशान थे तथा अंत वस्त्र भी उल्टा पहना हुआ था।

अपहरण की सूचना पर सतर्क हुई पुलिस:

पुलिस कंट्रोल रूम को अपार्टमेंट में रहने वाले एक व्यक्ति ने गाड़ी के नंबर बताकर अपहरण की सूचना दी थी। पुलिस अपार्टमेंट में पहुंची तो महिला गायब मिली। इसके करीब दो घंटे बाद मुहाना इलाके में लाश मिली। मृतक की पहचान होने पर गांव से परिजन आ गए। मृतक पूरण के पिता भगवाना राम गांव में सरपंच है। इस संबंध में मृतक के पिता ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण तथा हत्या का नामजद मामला दर्ज कराया है।



   Bookmark and Share



अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: