मुंबई. यदि सबकुछ ठीकठाक चला तो ऑस्कर विजेता फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ के बाल कलाकार अजहरुद्दीन इस्माइल और रुबीना अली को बुलडोजरों से आतंकित नहीं रहना पड़ेगा। अब जय हो ट्रस्ट इन दोनों को जल्द ही उनके नए घरों में बसाएगा। इन बच्चों की झुग्गियां हाल ही में तोड़ दी गई थीं।
यह ट्रस्ट ‘स्लमडॉग’ के निर्देशक डैनी बॉयल तथा निर्माता क्रिश्चियन कोल्सन द्वारा समर्थित है। अजहरुद्दीन और रुबीना जल्द ही नए स्थायी घर में रहने लगेंगे। अजहरुद्दीन की बांद्रा के गरीब नगर स्थित झुग्गी दो हफ्ते पहले मुंबई महानगर पालिका के अतिक्रमण विरोधी अभियान का शिकार बन गई थी। इसके बाद रुबीना की झुग्गी रेलवे अधिकारियों ने ध्वस्त कर दी थी।
जय हो ट्रस्ट ने अब सांताक्रूज (पश्चिम) स्थित एक सोसाइटी में अजहर के परिवार के लिए एक रूम किचन वाला फ्लैट तलाश लिया है। ट्रस्टी नीरजा मट्टू के मुताबिक, परिवार को फ्लैट दिखा दिया गया है। यदि सबकुछ ठीकठाक चला तो वे एक पखवाड़े के भीतर उसमें रहने के लायक हो जाएंगे। पहले सौदा तो पक्का होने दीजिए। मट्टू के मुताबिक, ट्रस्ट रुबीना और उसके परिवार के लिए भी उपयुक्त घर देख रहा है। यह परिवार अपने काम-काज के मद्देनजर बांद्रा में ही बसना चाहता है।