कुरुक्षेत्र.
यदि आप अपनी गाड़ी में पैट्रोल-डीजल भरवाते-भरवाते परेशान हो गए हैं तो अब आपको परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। क्योंकि कुरुक्षेत्र स्थित श्रीकृष्णा इंस्टीच्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टैक्नोलॉजी (स्काइट) के चार छात्रों ने एक ऐसी कार ईजाद की है जो कि पैट्रोल-डीजल से नहीं बल्कि हवा से चलेगी।
यह कार देश में टाटा की लखटकिया कार नैनो से भी कई गुना सस्ती होगी। इसकी लागत महज 30 हजार बताई जा रही है।
स्काइट में मैकेनिकल अंतिम वर्ष के छात्र प्रमोद, चिंटू साहनी, दिनेश मेहता और विनोद ने बताया कि एक सीटर इस कार को बनाने पर कुल 30 हजार रुपए खर्च आया। अब ये छात्र जल्द ही इसका विस्तृत और आधुनिक माडल भी तैयार करने की योजना बना रहे हैं।
छात्रों ने बताया कि यह कार एक सिलैंडर हवा में 250 किमी. की दूरी तय करने में सक्षम है। इसमें हवा को भरवाने का कुल खर्च महज 90 रुपए आएगा। सिलैंडर को किसी भी टायर पंक्चर की दुकान से भरवाया जा सकता है। छात्रों का कहना है कि जब कार में मूलभूत सुधार किए जाएंगे तब इसकी स्पीड बढ़कर 60 किमी. प्रति घंटा हो जाएगी।
छात्रों ने बताया कि इसके लिए ज्यादा दबाव वाले सिलैंडर की जरुरत होगी, जिसे फिट करके स्पीड को बढ़ाया जा सकेगा। छात्रों के प्रोजैक्ट गाइड सतेंद्र राय ने बताया कि इस हवा के दबाव से चलने वाली कार को कंप्रेस्ट एयर टैक्नोलॉजी के आधार पर बनाया गया है। इसमें एयर मोटर का इंजन फिट किया गया है, जो हवा से दौड़ने में मदद करता है।