टोहाना । वह अपनी जान की परवाह न करते हुए करीब तीस फुट गहरी भाखड़ा नहर में कूद पड़ा। आधे घंटे की मशक्कत के बाद आखिर उसने फिर एक व्यक्ति को डूबने से बचा लिया।
साहस भरा यह कार्य किया जनस्वास्थ्य विभाग में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत इंद्र सिंह श्योकंद ने। इससे पूर्व भी वह 12 डूबते लोगों को बचा चुका है। श्योकंद ने बताया कि चंदड़कलां निवासी 60 वर्षीय शमशेर सिंह दिहाड़ी न मिलने पर नहर किनारे कल्पना चावला पार्क में सो गया।
जागने पर वह पानी पीने नहर की सीढ़ियों पर उतर गया। पानी पीकर उठते समय उसे चक्कर आ गया और वह नहर में जा गिरा। वृद्ध को डूबते देख राहगीरों ने शोर मचाया।
वहां मौजूद इंद्र सिंह ने तुरंत नहर में छलांग लगा दी। उसके सहकर्मियों सुरेंद्र, धर्मवीर व कृष्ण ने नहर में रस्सा डालकर दोनों को सकुशल निकाल लिया। सभी ने उसके साहस की प्रशंसा की।